प्रमंडल के सभी नगर निकायों की योजनाओं की आयुक्त ने की समीक्षा
कचरा प्रबंधन,साफ-सफाई, जलजमाव रोकथाम,एंटी लार्वा छिड़काव एवं पेयजल व्यवस्था को लेकर दिए आवश्यक निर्देश
आयुक्त, दरभंगा प्रमंडल, दरभंगा श्री हिमांशु कुमार राय की अध्यक्षता में आज प्रमंडल कार्यालय स्थित सभागार में प्रमंडल स्तरीय नगर निगम, नगर परिषद एवं नगर पंचायतों द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता, जल निकासी, पेयजल, भवन निर्माण स्वीकृति तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के प्रारंभ में आयुक्त महोदय ने दरभंगा जिला आयोजना क्षेत्र अनुश्रवण प्राधिकार के गठन एवं उससे संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शहरी विकास से जुड़े सभी कार्यों का प्रभावी अनुश्रवण सुनिश्चित किया जाए तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर योजनाओं का क्रियान्वयन किया जाए।
बैठक में नगर आयुक्त द्वारा शहरी क्षेत्रों में कचरा प्रबंधन, साफ-सफाई, नाला उड़ाही एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की अद्यतन स्थिति से अवगत कराया गया।
आयुक्त ने सभी नगर निकायों के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि नियमित साफ-सफाई एवं नालों की समय पर उड़ाही सुनिश्चित करें ताकि वर्षा के दौरान कहीं भी जलजमाव की स्थिति उत्पन्न न हो।
उन्होंने छोटे नगर निकायों में भवन निर्माण के नक्शा पारित की प्रक्रिया की भी समीक्षा की तथा निर्देश दिया कि नागरिकों के आवेदन का समयबद्ध एवं पारदर्शी निष्पादन किया जाए।
बैठक में मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना, सम्राट अशोक भवन निर्माण, जल-जीवन-हरियाली अभियान सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रगति की भी विस्तृत समीक्षा की गई।
आयुक्त ने सभी योजनाओं को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने का निर्देश दिया।
मौसमी बीमारियों की रोकथाम को ध्यान में रखते हुए आयुक्त ने सभी नगर निगमों, नगर परिषदों एवं नगर पंचायतों में एंटी लार्वा दवा का नियमित छिड़काव कराने का निर्देश दिया,ताकि डेंगू एवं अन्य मच्छरजनित रोगों की रोकथाम प्रभावी ढंग से की जा सके।
आयुक्त महोदय ने विशेष रूप से दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (डीएमसीएच) परिसर में जलजमाव की समस्या नहीं होने देने का निर्देश उप नगर आयुक्त को दिया तथा कहा कि आवश्यकतानुसार पूर्व तैयारी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने सभी नगर परिषद एवं नगर पंचायतों के कार्यपालक पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अपने-अपने क्षेत्र के सभी सरकारी चापाकलों को क्रियाशील एवं उपयोग योग्य बनाए रखें,ताकि आम नागरिकों को पेयजल की कोई समस्या न हो।
बैठक में आयुक्त के सचिव श्री सुशील कुमार मिश्रा, सहायक निदेशक (योजना) सुश्री प्रीति कुमारी, नगर आयुक्त, विभिन्न नगर परिषदों एवं नगर पंचायतों के कार्यपालक पदाधिकारी तथा संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
