सहायक समाहर्ता कल्पना रावत ने सामाजिक सुरक्षा एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण योजनाओं का लिया प्रशिक्षण

दिव्यांगजनों के लिए संचालित योजनाओं,पेंशन, विवाह प्रोत्साहन एवं बुनियाद केंद्र की सेवाओं की ली जानकारी
आज सहायक समाहर्ता कल्पना रावत ने समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत दिव्यांगजन सशक्तिकरण एवं सामाजिक सुरक्षा कोषांग से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों के संबंध में प्रशिक्षण प्राप्त किया।

प्रशिक्षण के दौरान सहायक निदेशक, दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग श्री आशीष अमन द्वारा दिव्यांगजनों के कल्याण एवं सशक्तिकरण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी सहायक समाहर्ता को दी गई।

उन्होंने सम्बल योजना के अंतर्गत दिव्यांगजनों को उपलब्ध कराई जा रही बैटरी चालित ट्राईसाइकिल, सहायक उपकरण सहित अन्य सुविधाओं तथा यूडीआईडी (Unique Disability ID) योजना के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

इस दौरान दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने की प्रक्रिया, पात्रता, आवेदन एवं आवश्यक दस्तावेजों सहित योजनाओं के क्रियान्वयन से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी जानकारी प्रदान की गई।
प्रशिक्षण के क्रम में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के संबंध में भी विस्तृत जानकारी दी गई। इसके अलावा विवाह प्रोत्साहन योजना तथा दिव्यांगजनों एवं बुनियाद केंद्र के कार्यों एवं सेवाओं की भी जानकारी सहायक समाहर्ता को दी गई।

सहायक समाहर्ता कल्पना रावत ने प्रशिक्षण के दौरान योजनाओं के क्रियान्वयन, लाभुकों तक योजनाओं की पहुंच तथा सेवा वितरण की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
