महानवमी के पावन अवसर पर डीएम ने वृहद आश्रय गृह का किया भ्रमण, बालिकाओं के चरण स्पर्श कर लिया आशीर्वाद

दुर्गा पूजा के नौवें दिन (महानवमी) के शुभ अवसर पर जिलाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार द्वारा स्थानीय वृहद आश्रय गृह स्थित बालिका गृह का विशेष भ्रमण किया गया।
जिलाधिकारी के आगमन पर बालिका गृह की बच्चियों ने अत्यंत उत्साह के साथ चंदन लगाकर एवं पुष्प भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया।

कन्या पूजन की परंपरा का निर्वहन करते हुए जिलाधिकारी ने सभी आवासित बालिकाओं के चरण स्पर्श कर उन्हें प्रणाम किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा सभी बच्चियों के बीच उपहार एवं चॉकलेट का भी वितरण किया गया।

जिलाधिकारी ने बालिकाओं के साथ बैठकर आत्मीय संवाद किया और उनके पठन-पाठन व दिनचर्या की जानकारी ली।
त्योहार की खुशियों को साझा करते हुए जिलाधिकारी की ओर से आज बालिका गृह में विशेष भोज का आयोजन किया गया, जिसमें जिलाधिकारी ने स्वयं भी बच्चियों के साथ बैठकर भोजन ग्रहण किया।

भ्रमण के क्रम में जिलाधिकारी द्वारा बालिका गृह की व्यवस्थाओं का भी विस्तृत जायजा लिया गया। उन्होंने परिसर की साफ-सफाई, सुरक्षा, आवास एवं भोजन की गुणवत्ता का निरीक्षण किया तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि आवासित बालिकाओं को एक बेहतर और सुरक्षित वातावरण निरंतर मिलता रहे।
जिलाधिकारी को अपने बीच पाकर और उनके इस स्नेहपूर्ण व्यवहार से सभी बालिकाएं अत्यंत प्रसन्न एवं उत्साहित दिखीं।

इस अवसर पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी आशीष अमन, डीसीएम (DCM) रवि रंजन, अधीक्षिका कंचन झा एवं बालिका गृह के अन्य कर्मी भी उपस्थित थे।
