दिव्यांगजनों को स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में पहल

निःशक्त जनों के लिए नियोजन सहायता योजना अंतर्गत 07 दिव्यांग लाभार्थियों के बीच स्वरोजगार हेतु किट का वितरण

युवा रोजगार एवं कौशल विभाग, जिला नियोजन कार्यालय, दरभंगा द्वारा निःशक्त जनों के लिए नियोजन सहायता योजना के अंतर्गत दिव्यांगजनों को स्वरोजगार से जोड़ने एवं उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से स्वरोजगार हेतु किट का वितरण किया गया।
इस योजना का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना तथा समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। स्वरोजगार हेतु आवश्यक किट उपलब्ध कराए जाने से लाभार्थियों को अपने स्तर पर रोजगार प्रारंभ करने में सहायता मिलेगी और वे अपनी आजीविका का बेहतर ढंग से संचालन कर सकेंगे।

इस अवसर पर योजना के अंतर्गत कुल 07 दिव्यांग लाभार्थियों को स्वरोजगार हेतु किट प्रदान किया गया। किट प्राप्त करने वाले लाभार्थियों में कार्तिक चौधरी, गोपाल पासवान, बेबी देवी, फूलदाय कुमारी, संजय ठाकुर, दिलीप कुमार शाह एवं मो. शोएब शामिल हैं।
जिला नियोजन कार्यालय द्वारा बताया गया कि सरकार की विभिन्न रोजगारोन्मुखी योजनाओं का उद्देश्य दिव्यांगजनों को केवल सहायता उपलब्ध कराना ही नहीं,बल्कि उन्हें स्वावलंबी एवं आत्मनिर्भर बनाना है।

सहायक निदेशक दिव्यांगजन कोषांग श्री आशीष अमन ने कहा कि स्वरोजगार किट के माध्यम से लाभार्थियों को अपनी क्षमता एवं रुचि के अनुरूप रोजगार प्रारंभ करने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा दिव्यांगजनों से अपील की गई कि वे सरकार द्वारा संचालित रोजगार, कौशल विकास एवं स्वरोजगार से संबंधित योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका अधिकाधिक लाभ उठाएं।

उन्होंने कहा कि इस पहल से दिव्यांगजनों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और सम्मानजनक आजीविका उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
