Featured

बेगूसराय में 11 परिवार का घर जलकर राख:अगलगी में 14 लाख नकद समेत गहने और आभूषण जले।

बेगूसराय में गुरुवार को हुए भीषण अग्निकांड में 11 घर जलकर राख हो गए। घटना चकिया थाना क्षेत्र में मल्हीपुर चकिया बिंद टोली के समीप की है। इस अग्निकांड में नगद सहित 25 से 30 लाख रुपए से अधिक के सामान की क्षति हुई है। घटना को लेकर लोगों में बिजली विभाग के प्रति काफी आक्रोश है।

बताया जा रहा है कि आज जब सभी लोग अपने-अपने काम में व्यस्त थे। तभी अचानक हाई वोल्टेज बिजली की तार से चिंगारी वाल्मीकि महतो के घर पर गिर गया। लोग जब तक कुछ समझ पाते आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास के घर धू-धू कर जलने लगे। लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी, लेकिन फायर ब्रिगेड काफी देरी से पहुंची।

तब तक स्थानीय लोगों ने काफी प्रयास कर आग को आगे बढ़ने से रोक लिया। बाद में पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग को बुझाया। लेकिन तब तक 11 घर जलकर राख हो गए। इस अग्निकांड में अशोक महतो का 5 क्विंटल गेहूं एवं मुकेश महतो का टीवी सहित घर का सारा सामान जल गया। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ आग बुझाते हुए।
बेटी की शादी का सामान जलकर राख

शंकर महतो के घर में बेटी के शादी के लिए रखा गया सभी सामान, करीब 30 ग्राम सोना एवं 5 लाख रुपया नगद, वाल्मीकि महतो एवं उसके भाई बंटू महतो, दिलीप महतो, विपिन महतो के घर में 40 क्विंटल के आसपास गेहूं, दाल 4 लाख रुपया नगद एवं 40 ग्राम सोना सहित अन्य सामान जल गया है।

बिजली विभाग के प्रति लोगों में आक्रोश

डोमन महतो के घर में भी 20 क्विंटल गेहूं, 30 ग्राम सोना, 5 लाख रुपया नगद, 3 क्विंटल दाल एवं 7 क्विंटल सरसों सहित घर का सभी सामान जला है। रामसखा महतो के घर का सभी सामान, सीता देवी के घर का सभी सामान तथा कृष्णनंदन महतो के घर का भी सभी सामान जलकर राख हो गया है।

फिलहाल घटना के बाद पीड़ित परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप में इन लोगों के रहने का कोई उपाय नहीं बचा। घटना को लेकर लोगों ने बिजली विभाग के प्रति आक्रोश जताया है। फायर बिग्रेड के देर से आने को लेकर भी लोगों में गुस्सा है। फिलहाल बरौनी अंचल प्रशासन द्वारा तत्काल राहत मुहैया कराने की प्रक्रिया की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *