विद्यालय खेल प्रतियोगिताओं 2026-27 के आयोजन को लेकर डीएम की अध्यक्षता में बैठक आयोजित

29 सितंबर से 02 अक्टूबर तक नेहरू स्टेडियम,खेल भवन-सह-व्यायामशाला, इंडोर स्टेडियम सहित विभिन्न खेल स्थलों पर होगा आयोजन जिला पदाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में जिला, प्रमंडल तथा राज्य स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिताओं 2026-27 के सफल आयोजन को लेकर उनके कार्यालय कक्ष में बैठक आयोजित की गई।

बैठक में प्रतियोगिता के आयोजन, खेल स्थलों, प्रतिभागियों की सहभागिता, चयन प्रक्रिया तथा आवश्यक तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि दरभंगा जिला, प्रमंडल तथा राज्य स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिताओं 2026-27 का आयोजन 29 सितंबर 2026 से 02 अक्टूबर 2026 तक विभिन्न निर्धारित खेल स्थलों पर कराया जाएगा।
प्रतियोगिताओं का आयोजन नेहरू स्टेडियम, लहेरियासराय, दरभंगा; खेल भवन-सह-व्यायामशाला, दरभंगा; इंडोर स्टेडियम; किलकारी बाल भवन, दरभंगा तथा होली मैरी इंटरनेशनल स्कूल के बास्केटबॉल कोर्ट पर किया जाएगा।

बैठक में निर्णय लिया गया कि विभिन्न खेल विधाओं का विस्तृत कार्यक्रम, जिसमें आयोजन स्थल, तिथि एवं समय का निर्धारण शामिल है, जिला खेल पदाधिकारी, दरभंगा द्वारा तैयार किया जाएगा।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों की सुविधा, खेल मैदान की उपलब्धता, आवश्यक संसाधन, सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं को समय से सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।

जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता के अंतर्गत क्रिकेट (बालक) अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 वर्ग के खिलाड़ियों का चयन ट्रायल के माध्यम से किया जाएगा। चयन प्रक्रिया पूरी होने के उपरांत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को शामिल करते हुए दरभंगा जिला क्रिकेट टीम का गठन किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रतियोगिता से संबंधित सभी तैयारियां ससमय एवं समन्वित रूप से पूर्ण कर ली जाएं, ताकि विद्यालय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।
जिला शिक्षा पदाधिकारी, दरभंगा को निर्देशित किया गया कि वे अपने स्तर से जिले के सभी प्रधानाध्यापकों, शारीरिक शिक्षा शिक्षकों एवं स्वास्थ्य अनुदेशकों के साथ बैठक कर जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिताओं में अधिक से अधिक विद्यालयों एवं विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक निर्देश दें।
साथ ही प्रतियोगिता के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए जिले के सभी विद्यालयों में पोस्टर एवं बैनर लगाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं एवं विद्यालयों को प्रतियोगिता के संबंध में जानकारी प्राप्त हो सके तथा प्रतिभावान खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालय स्तर से ही खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना आवश्यक है। इस प्रकार की प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ जिला, प्रमंडल एवं राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने का अवसर प्राप्त होता है।

बैठक में अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन श्री सलीम अख्तर, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्री चंदन कुमार सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
