Featured

पेपर क्राफ्ट, कहानी वाचन एवं निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन जिला गंगा समिति,दरभंगा द्वारा स्वच्छता ही सेवा–2026 अभियान अंतर्गत किया गया


युवाओं को रचनात्मकता, कल्पनाशीलता एवं विचारों को अभिव्यक्त करने का मिला अवसर

युवाओं को स्वच्छता, नदी एवं जलस्रोत संरक्षण के प्रति जागरूक एवं संवेदनशील करना है कार्यक्रम का लक्ष्य
जिला पदाधिकारी -सह- अध्यक्ष, जिला गंगा समिति, दरभंगा कौशल कुमार के निर्देशानुसार “स्वच्छता ही सेवा–2026” अभियान के अंतर्गत जिला गंगा समिति, दरभंगा द्वारा ज्ञान एवं रचनात्मक (पेपर क्राफ्ट, निबंध लेखन एवं कहानी वाचन) प्रतियोगिता का आयोजन आज मारवाड़ी कॉलेज, दरभंगा में किया गया।
प्रतियोगिता में दरभंगा जिले के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में अध्ययनरत 11वीं, 12वीं, स्नातक एवं स्नातकोत्तर के प्रतिभागियों ने भाग लिया। पेपर क्राफ्ट प्रतियोगिता का विषय “वेस्ट टू बेस्ट”, निबंध लेखन प्रतियोगिता का विषय “जलवायु परिवर्तन एवं हमारा दायित्व” तथा कहानी वाचन प्रतियोगिता का विषय “एक प्लास्टिक की बोतल की कहानी” प्रतिभागियों द्वारा ऑन-द-स्पॉट पर्ची के माध्यम से निर्धारित किया गया।
राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के पश्चात कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर हुआ। इस अवसर पर जिला गंगा समिति के जिला परियोजना पदाधिकारी फारूक इमाम ने उपस्थित प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता ही सेवा–2026 अभियान के अंतर्गत आयोजित पेपर क्राफ्ट, निबंध लेखन एवं कहानी वाचन जैसी ज्ञान एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवाओं में स्वच्छता, नदी एवं जलस्रोत संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा तथा कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूकता एवं संवेदनशीलता विकसित करना है। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रतिभागियों को अपनी रचनात्मक सोच, कल्पनाशीलता, लेखन एवं अभिव्यक्ति कौशल को प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि पेपर क्राफ्ट के माध्यम से अपशिष्ट सामग्री के पुनः उपयोग एवं रचनात्मक उपयोग का संदेश, निबंध लेखन के माध्यम से स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण संबंधी विचारों तथा कहानी वाचन के माध्यम से सामाजिक जागरूकता एवं व्यवहार परिवर्तन के संदेश को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जा सकता है।
उन्होंने प्रतिभागियों से अपील की कि वे प्रतियोगिताओं तक सीमित न रहकर स्वच्छता, जलस्रोत संरक्षण एवं पर्यावरण सुरक्षा को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं तथा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज को भी इसके लिए प्रेरित करें।
उन्होंने बताया कि 28 सितंबर को महारानी कल्याणी कॉलेज में रंगोली, कविता पाठ एवं प्लास्टिक शिल्प तथा 29 सितंबर को चन्द्रधारी संग्रहालय में एकल अभिनय, लोक गान एवं लोक नृत्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन सभी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को 02 अक्टूबर को आयोजित होने वाले कार्यक्रम में सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा।
मारवाड़ी कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य डॉ. अरविंद झा ने युवाओं की सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता स्वस्थ जीवन एवं बेहतर समाज की आधारशिला है।

सी०टी०ई० मानू के सहायक प्राध्यापक डॉ. सोनू रजक ने युवाओं और विद्यार्थियों को पर्यावरण एवं जल संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का एहसास कराया तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में उनकी सक्रिय भागीदारी के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रतिभागियों ने स्वच्छता, जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। आयोजित पेपर क्राफ्ट, कहानी वाचन एवं निबंध लेखन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वच्छता, जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर अपनी रचनात्मकता, कल्पनाशीलता एवं विचारों को अभिव्यक्त करने का अवसर मिला।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में निर्णायक मंडल के रूप में डॉ० जितेंद्र कुमार, डॉ. सोनू रजक, डॉ. श्रवण कुमार, डॉ० अमित कुमार सिंह, डॉ० प्रिया नन्दन एवं डॉ० सुषमा भारती ने महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया।

कार्यक्रम का संचालन डॉ० प्रिया नन्दन द्वारा किया गया। इसके अतिरिक्त, कार्यक्रम के सफल आयोजन में पूजा कुमारी, संजीव कुमार, मणिकांत ठाकुर, अंशु प्रिया, आदित्य सिंह, पार्थ कुमार आदि का विशेष योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *