Featured

किसानों में गेहूं, सरसों व मसूर बीज लेने की होड़।

रबी मौसम की तैयारी को लेकर किसानों में उत्साह चरम पर है। आत्मा कटिहार द्वारा संचालित रबी अभियान के तहत बुधवार को कृषि प्रखंड कार्यालय परिसर में उप परियोजना निदेशक दीक्षा कुमारी के नेतृत्व में किसानों के बीच गेहूं, सरसों व मसूर का प्रमाणित बीज वितरण किया गया।

कार्यक्रम शुरू होते ही सुबह से ही किसानों की लंबी कतारें लग गईं और कार्यालय परिसर में अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। कई किसानों ने बताया कि जैसे ही उनका पंजीकरण पूरा हुआ, उन्हें बीज उपलब्ध होने की सूचना मिल गई।

 

इसके बाद वे तुरंत कृषि कार्यालय पहुंचे। किसानों का कहना था कि अनुदानित दर पर मिलने वाले प्रमाणित बीज से खेती की लागत कम होगी और उत्पादन बढ़ने की संभावना है। कुछ किसान तो बीज प्राप्त करते ही शाम से खेत तैयार करने में जुट गए। प्रखंड कृषि पदाधिकारी नवीन कुमार ने बताया कि रबी सीजन को लेकर कोढ़ा प्रखंड के किसानों में खासा उत्साह है। उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से सभी पंजीकृत किसानों को समय पर बीज उपलब्ध कराने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।

नवीन कुमार ने बताया कि हमारा लक्ष्य है कि गुणवत्तापूर्ण बीज के अभाव में कोई भी किसान बुवाई से वंचित न रह जाए। आत्मा और कृषि विभाग की संयुक्त पहल से किसानों को तकनीकी सलाह और बीज दोनों एक ही स्थान पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।कोढ़ा प्रखंड में बीज वितरण कार्यक्रम के बाद रबी फसल की बुवाई को लेकर माहौल पूरी तरह सकारात्मक हो गया है। किसान अब समय से खेतों में उतरने की तैयारी कर रहे हैं, वहीं विभागीय स्तर पर भी किसानों तक शेष संसाधन पहुंचाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।

किसानों में बढ़ी उम्मीद, रबी बुआई को मिला बढ़ावा बीज वितरण कार्यक्रम को लेकर पूरे क्षेत्र के किसानों में नया उत्साह देखा जा रहा है। भारी संख्या में पहुंचे किसानों ने माना कि इस व्यवस्था से उन्हें रबी की तैयारी में काफी राहत मिलेगी। स्थानीय किसानों ने कहा कि समय पर बीज उपलब्ध होने से बुवाई आसानी से हो जाएगी और मौसम का पूरा लाभ मिल सकेगा। कृषि विभाग की सक्रियता और आत्मा की पहल के कारण किसानों के चेहरे पर उम्मीद की झलक दिखी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *