Featured

बेगूसराय से दो विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली:सुरेंद्र मेहता दूसरी बार, संजय पासवान पहली बार बने मिनिस्टर।

सुरेंद्र मेहता दूसरी बार, संजय पासवान पहली बार
मंत्री पद की शपथ लेते दोनों विधायक।
बेगूसराय जिले से दो विधायकों ने एनडीए सरकार में मंत्री पद की शपथ ली है। इनमें बछवाड़ा से भाजपा विधायक सुरेंद्र मेहता और बखरी (आरक्षित) सीट से लोजपा (रामविलास) के विधायक संजय कुमार उर्फ संजय पासवान शामिल हैं। जिले में कुल सात विधानसभा सीटें हैं, जिनमें से पांच एनडीए के पास और दो महागठबंधन के पास हैं।

सुरेंद्र मेहता दूसरी बार मंत्री बने हैं, जबकि संजय पासवान ने पहली बार मंत्री पद की शपथ ली है। सुरेंद्र मेहता मूल रूप से किरतौल गांव के निवासी हैं, वहीं संजय कुमार उर्फ संजय पासवान बेगूसराय शहर के पोखरिया शिवपुरी मोहल्ले से आते हैं।

इससे पहले सुरेंद्र मेहता बिहार के खेल मंत्री रह चुके हैं। इस बार भी उन्हें खेल मंत्री का पद मिलने की उम्मीद है।

जातिगत समीकरणों की बात करें तो सुरेंद्र मेहता कुर्मी समुदाय से आते हैं, जबकि संजय कुमार पासवान समुदाय से हैं। संजय कुमार को चिराग पासवान के करीबी रिश्तेदारों में गिना जाता है, जिसे उनके पहली बार में ही मंत्री बनने का एक प्रमुख कारण माना जा रहा है।

दोनों विधायकों के मंत्री बनने पर बेगूसराय के सांसद और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, भाजपा विधायक कुंदन कुमार और रजनीश कुमार ने बधाई दी। इसके अतिरिक्त, लोजपा (रामविलास) के जिलाध्यक्ष प्रेम कुमार पासवान, जदयू जिलाध्यक्ष रुदल राय, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव वर्मा, हम पार्टी के जिलाध्यक्ष पीयूष कुमार और हम पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष मो. मेहराब पठान उर्फ प्रिंस सहित कई अन्य नेताओं ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *