सहरसा में छठ घाटों की सफाई शुरू:कनीय विद्युत अभियंता ने किया निरीक्षण, बांस-बल्ले से की जाएगी बैरिकेडिंग।
सहरसा में छठ महापर्व को देखते हुए घाटों की सफाई का काम शुरू हो गया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर नगर निगम और विद्युत विभाग सक्रिय हो गए हैं। विद्युत विभाग ने घाटों पर झूलते तारों को हटाने का काम भी शुरू कर दिया है। नगर निगम के मजदूर नया बाजार स्थित घाटों की सफाई कर रहे हैं। वार्ड पार्षद प्रतिनिधि चंदन कुमार सिंह ने घाटों की सफाई को महत्वपूर्ण बताया।
जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने दो दिन पहले शहर के सभी घाटों का निरीक्षण कर जल्द सफाई के निर्देश दिए थे।
कनीय विद्युत अभियंता ने छठ घाटों का निरीक्षण किया।
बांस-बल्ले से की जाएगी बैरिकेडिंग
नगर आयुक्त प्रभात कुमार झा ने बताया कि नगर निगम के अंतर्गत आने वाले घाटों की सफाई के साथ-साथ बांस-बल्ले से बैरिकेडिंग की जाएगी और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव भी होगा। इसका उद्देश्य किसी भी अप्रिय घटना से बचना है।
छठ को लेकर सहरसा के कार्यपालक विद्युत अभियंता अमित कुमार और सौरबाजार के कनीय विद्युत अभियंता ने संयुक्त रूप से छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान बिजली व्यवस्था और छठ व्रतियों की सुविधाओं की जानकारी ली गई।
2 दिनों के लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित
कार्यपालक अभियंता अमित कुमार ने बताया कि चार दिवसीय छठ महापर्व पर व्रतियों को घाटों पर बिजली संबंधी कोई परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है। विद्युत अनुरक्षण और संपोषण संबंधी कार्यों के निरीक्षण के लिए कर्मचारियों और पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। दो दिनों के लिए नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किए जाएंगे।
