दरभंगा जिले के आठ नवस्वीकृत सरकारी डिग्री कॉलेजों का हुआ शुभारंभ
माननीय मुख्यमंत्री के ऑनलाइन उद्घाटन के साथ उच्च शिक्षा के क्षेत्र में जुड़ा नया अध्याय,ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को मिलेगा बड़ा लाभ
बिहार के सभी जिलों में नवस्वीकृत सरकारी डिग्री महाविद्यालयों का उद्घाटन बुधवार को माननीय मुख्यमंत्री, बिहार के कर-कमलों द्वारा ऑनलाइन माध्यम से किया गया।
इस अवसर पर दरभंगा जिले के 08 नवस्वीकृत सरकारी डिग्री कॉलेजों का भी विधिवत शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही जिले में उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक कदम उठाया गया।
जिले में कुशेश्वरस्थान पूर्वी, कुशेश्वरस्थान, गौड़ाबौराम, किरतपुर, तारडीह, अलीनगर, हनुमाननगर एवं सिंहवाड़ा प्रखंडों में स्थापित नवस्वीकृत सरकारी डिग्री कॉलेजों में शैक्षणिक गतिविधियों का विधिवत प्रारंभ हो गया।
गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज, सिंहवाड़ा (दरभंगा) में आयोजित उद्घाटन समारोह में जाले के माननीय विधायक श्री जीवेश कुमार मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अपने संबोधन में माननीय विधायक ने कहा कि सरकार की यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए मील का पत्थर साबित होगी। अब स्थानीय छात्र-छात्राओं, विशेषकर बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज़ नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने क्षेत्र के अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का अधिक से अधिक नामांकन इस नए सरकारी डिग्री कॉलेज में कराएँ।
ऑनलाइन उद्घाटन समारोह के उपरांत कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर मुश्ताक अहमद, प्राध्यापक डॉ. मोहम्मद तस्लीम तथा सनहपुर उच्च विद्यालय (जिसके परिसर में फिलहाल कॉलेज संचालित हो रहा है) के शिक्षकों एवं कर्मियों द्वारा माननीय विधायक श्री जीवेश कुमार मिश्रा का मिथिला की पारंपरिक पाग, चादर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर भव्य स्वागत किया गया।
इस अवसर पर कॉलेज में नामांकन लेने वाली प्रथम छात्रा ललिता कुमारी का भी पाग एवं चादर ओढ़ाकर सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया, जिससे छात्राओं के लिए प्रेरणादायक संदेश गया।
अपने संबोधन में गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज, सिंहवाड़ा के प्राचार्य प्रोफेसर मुश्ताक अहमद ने कहा कि बिहार सरकार का यह निर्णय ऐतिहासिक, दूरदर्शी एवं शिक्षा के क्षेत्र में क्रांतिकारी पहल है। ग्रामीण एवं सुदूरवर्ती क्षेत्रों में सरकारी डिग्री कॉलेजों की स्थापना से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों तथा विशेषकर बेटियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा का बेहतर अवसर उपलब्ध होगा। उन्होंने इस ऐतिहासिक पहल के लिए माननीय मुख्यमंत्री, बिहार के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नवस्थापित महाविद्यालय में कार्य करने का अवसर उनके लिए गर्व एवं सौभाग्य का विषय है। उन्होंने क्षेत्र के अभिभावकों एवं आम नागरिकों से अपने बच्चों का अधिकाधिक नामांकन कराने की अपील की।
गौड़ाबौराम प्रखंड में आयोजित गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज, गौड़बौराम के उद्घाटन समारोह में माननीय विधायक श्री सुजीत कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि नए सरकारी डिग्री कॉलेज की स्थापना से क्षेत्र के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा अपने ही क्षेत्र में उपलब्ध होगी तथा शिक्षा के क्षेत्र में नई संभावनाओं का मार्ग प्रशस्त होगा।
आयोजित कार्यक्रम में जिला प्रशासन की ओर से डी.सी.एल.आर., प्रखंड विकास पदाधिकारी (बी.डी.ओ.), अंचलाधिकारी (सी.ओ.), प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी एवं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बी.ई.ओ.) सहित अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिकों ने भी समारोह में भाग लिया।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य प्रोफेसर मुश्ताक अहमद ने सभी अतिथियों, प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं उपस्थित नागरिकों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह महाविद्यालय क्षेत्र में उच्च शिक्षा के नए आयाम स्थापित करेगा।
दरभंगा जिले में जिन प्रखंडों में नवस्वीकृत सरकारी डिग्री कॉलेजों का शुभारंभ हुआ जिनमें कुशेश्वरस्थान पूर्वी, कुशेश्वरस्थान, गौड़ाबौराम, किरतपुर, तारडीह, अलीनगर, हनुमाननगर एवं सिंहवाड़ा प्रखंड शामिल है।
इन आठों नवस्वीकृत सरकारी डिग्री कॉलेजों के शुभारंभ से दरभंगा जिले के हजारों विद्यार्थियों, विशेषकर ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्र-छात्राओं को अपने ही क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर उपलब्ध होगा।
