श्रद्धालुओं के बीच दहशत का महौल, कहा- छठ कैसे मनाएंगे, प्रशासन भी कुछ नहीं कर रही।
दरभंगा में छठ पूजा की तैयारियों के बीच हायाघाट प्रखंड क्षेत्र से गुजरने वाली बागमती नदी में मगरमच्छ दिखा है। जिससे श्रद्धालुओं के बीच दहशत का माहौल है। घाट की साफ-सफाई और सजावट में जुटे ग्रामीणों ने बताया कि मगरमच्छ कई दिनों से नदी में घूम रहा है। जिसकी सूचना कई बार प्रशासन को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
ग्रामीण अशोक पासवान ने बताया कि मगरमच्छ करीब 20 फीट लंबा है। हमलोग डर गए हैं कि नदी किनारे छठ कैसे मनाएंगे। यह किसी पर भी हमला कर सकता है, इसलिए इस बार हम खेत में गड्ढा खोदकर वहीं छठ मनाने की सोच रहे हैं।
जान बचाकर नदी किनारे से भागा
छठव्रती सुनीता देवी ने बताया, ‘नदी हमारे घर के पास ही है और हम लोग वर्षों से यहीं छठ करते आ रहे हैं। लेकिन अब मगरमच्छ के डर से नदी में नहीं जाएंगे। छोटे-छोटे बच्चे भी रहते हैं, अगर किसी पर हमला हो गया तो बड़ी दुर्घटना हो सकती है। सरकार से अनुरोध है कि मगरमच्छ को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर ले जाया जाए।’
स्थानीय मछुआरे उदय पासवान ने बताया कि वह नदी में मछली पकड़ रहे थे,तभी अचानक मगरमच्छ पानी से बाहर निकल आया और मेरे करीब पहुंच गया। डर के मारे वे किसी तरह जान बचाकर भाग निकले।
ग्रामीणों का कहना है कि यह मगरमच्छ पिछले छह महीनों से बागमती, करेह नदी में रह रहा है। नदी में पूरब तो कभी पश्चिम की ओर पानी की सतह पर तैरता दिखाई देता है। इसकी झलक देखने के लिए पुल पर लोगों की भीड़ लग जाती है।
