ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा के कुलपति प्रोफेसर संजय कुमार चौधरी की अध्यक्षता में सिंडिकेट की बैठक कुलपति के आवासीय कार्यालय के कॉन्फ्रेंस कक्ष में हाइब्रिड मोड में कल देर शाम आयोजित की गई, जिसमें प्रो हरि नारायण सिंह, प्रो दिलीप कुमार चौधरी, प्रो अशोक कुमार मेहता, प्रो विजय कुमार यादव, डॉ बैद्यनाथ चौधरी ‘बैजू’, मीणा झा, डॉ अमर कुमार एवं प्रो नारायण झा आदि ने भाग लिया।
प्रभारी कुलसचिव प्रो अशोक कुमार मेहता द्वारा बैठक हेतु निर्धारित गणपूर्ति की सूचना देने के उपरान्त कुलपति के आदेश से बैठक की कार्यवाही प्रारंभ की गई। बैठक में गत 3 जून को अभिषद् की बैठक में लिए गए निर्णयों की संपुष्टि की गई तथा गत 26 मई एवं 3 जून को संपन्न बैठकों में लिए गए निर्णयों के अनुपालन पर संतोष व्यक्त किया गया। साथ ही 24 जून को संपन्न वित्त समिति एवं विद्वत-परिषद् के निर्णयों के अनुपालन पर भी विचार किया गया। बैठक में 24 जून को आयोजित विद्वत परिषद् के सभी निर्णयों, यथा- सभी अंगीभूत एवं संबद्ध महाविद्यालयों में बीबीए एवं बीसीए की पढ़ाई प्रारंभ करने, बीएमए कॉलेज, बहेड़ी में संगीत एवं सीएम कॉलेज, दरभंगा में फारसी विषय में स्नातक स्तरीय पढ़ाई शुरू करने, सीएम कॉलेज में पोस्ट ग्रैजुएट डिप्लोमा इन ट्रांसलेशन (पीजीडीटी) कोर्स प्रारंभ करने तथा सीएम कॉलेज में सत्र : 2026-30 से प्रारंभ हो रहे 4 वर्षीय स्नातक इंटीग्रेटेड बीएड प्रोग्राम (इंटीग्रेटेड टीचर एजुकेशन प्रोग्राम) के पाठ्यक्रम की तथा आरके कॉलेज, मधुबनी में एमबीए प्रोग्राम शैक्षणिक सत्र 2026-27 से प्रारंभ करने की स्वीकृति दी गई।
प्रो हरि नारायण सिंह के पूछने पर डीएसडब्ल्यू प्रो मेहता ने स्नातक एवं स्नातकोत्तर कक्षाओं में नामांकन की स्थिति स्पष्ट हुए बताया कि नामांकन सूची शीघ्र ही निकाल दिए जाने की संभावना है। संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन प्रभारी कुलसचिव प्रो अशोक कुमार मेहता ने किया।




