बिहार : पुरवा हवा के साथ बारिश से कूल-कूल हुआ बिहार का मौसम, आज 14 जिलों के लिए अलर्ट, बिजली भी गिरेगी
पटना. बंगाल की खाड़ी में निम्न दाब का क्षेत्र बना हुआ है और इस कारण बिहार में मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है. तेज पुरवा हवा बह रही है और कई जिलों में बारिश भी हो रही है. मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने आज भी बिहार के 14 जिलों में बारिश की चेतावनी जारी की है. इसके साथ ही बिहार के दक्षिणी भाग में हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की संभावना है. बिहार के कई जिलों में आज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है.
मौसम विभाग अनुसार, मानसून टर्फ लाइन पंजाब के फिरोजपुर, पटियाला, यूपी के शाहजहांपुर, बलिया से होते हुए बंगाल की खाड़ी की ओर गुजर रही है. इसके साथ ही बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव केंद्र बना है और इस कारण बिहार के कई जिलों में बारिश की संभावना है. हालांकि, आंकड़ों के अनुसार, बिहार में बारिश की बात करें तो यह अभी तक सामान्य से 26 प्रतिशत कम है. मौसम विभाग के आंकड़े के अनुसार, अब तक 899.4 मिलीमीटर ही बारिश हो जानी चाहिए थी, लेकिन अब तक 656.5 मिली मीटर ही बारिश हुई है. अनुमान से यह 26% कम है. बता दें कि मानसून सीजन में 992.2 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए. 2024 में इसके लिए 108% बारिश का अनुमान बताया गया है. बता दें कि मौसम विभाग 96 से 104% बारिश को सामान्य मानता है यह फसलों के लिए अच्छा होता है.
इस बीच मौसम विभाग ने आज तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट का अनुमान लगाया है. वहीं, बीते 24 घंटे में तापमान की बात करें तो सबसे गर्म जिला गोपालगंज रहा जहां अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया. इसके साथ ही पटना का अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया.
बिहार में विभिन्न शहरों के विभिन्न शहरों के तापमान पर नजर डालें तो गोपालगंज में 33.7 डिग्री सेल्सियस, पूर्णिया में 31.5 डिग्री, मधुबनी में 31 डिग्री, सुपौल में 30.5 डिग्री, मधेपुरा में 30.5 डिग्री, वैशाली में 30.5 डिग्री, समस्तीपुर में 30.4 डिग्री, बक्सर में 30.2 डिग्री, दरभंगा में 30 डिग्री, राजधानी पटना में 29.25 डिग्री, औरंगाबाद में 28.5 डिग्री, गया में 27.9 डिग्री, शेखपुरा में 28.3 डिग्री और बांका में 26.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया.
