Featuredदरभंगा

राज्यसभा सांसद निर्वाचित होकर दरभंगा पहुंचे संजय झा का हुआ नागरिक अभिनंदन।

दरभंगा में एम्स का निर्माण शोभन में ही होगा। इसके लिए नए डिजाइन पर काम चल रहा है। ये बातें राज्यसभा सांसद व बिहार सरकार के पूर्व मंत्री संजय झा ने कही।

वे शनिवार को दरभंगा ऑडिटोरियम में आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में शिरकत करने आये थे। राज्यसभा सांसद बनने के बाद उनके अभिनंदन के लिए समारोह का आयोजन किया गया था।

दरभंगा पहुंचने पर बड़ी संख्या में जदयू कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल-माला से लाद दिया और उनके समर्थन में जमकर नारेबाजी की। शोभन से अगवानी के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए श्री झा ने कहा कि हम जब से राजनीति में आये हैं, दरभंगा के लोगों का प्यार और आशीर्वाद मिला है।

सांसद बनने के बाद अब जवाबदेही बढ़ गयी है। मैंने हमेशा काम में विश्वास किया है और यह रफ्तार आगे और बढ़ेगी। 2024 में केंद्र में एनडीए की सरकार बनाने के लिए काम करना है।

एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि अगले पांच साल में बिहार की इकोनॉमी को डबल करना है। 10 लाख रोजगार और उद्योग लगाने की दिशा में काम करना है।

मिथिला क्षेत्र के लिए निवेश लाने और यहां उद्योग लगाने की दिशा में मैं काम करूंगा ताकि यहां के लोगों को रोजगार के लिए बाहर नहीं जाना पड़े। नागरिक सम्मान समारोह पूर्व मंत्री मदन सहनी के नेतृत्व में हुआ।

अध्यक्षता व संचालन जदयू जिला अध्यक्ष गोपाल मंडल ने किया। अभिनंदन समारोह में सांसद श्री झा ने कहा कि विधानसभा चुनाव समय से ही होगा। कोई अगर भ्रम में है तो अपने भ्रम को दूर कर ले। एनडीए की सरकार पूर्ण बहुमत से बनेगी।

पूर्व मंत्री श्री सहनी ने कहा कि श्री झा को हर वर्ग के लोग नेता मानते हैं। इन्होंने क्षेत्र में विकास का जाल बिछाया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री मो. अली अशरफ फातमी ने कहा कि मिथिला के लोग आपसे काफी उम्मीद करते हैं। आपने ही हवाई अड्डा और एम्स दिया है। अब आपसे उम्मीद है यहां रोजगार के लिए कारखाने खोलने की। जदयू नेत्री ललिता झा ने कहा कि श्री झा के राज्यसभा जाने से लाखों मिथिलावासियों का सपना पूरा हुआ है।

मौके पर बेनीपुर विधायक प्रो. विनय कुमार चौधरी, जदयू जिला अध्यक्ष गोपाल मंडल, प्रदेश सचिव डॉ. अंजीत चौधरी, पूर्व विधायक रामनिवास प्रसाद, पूर्व विधान पार्षद डॉ. दिलीप कुमार चौधरी, पूर्व पीपी श्याम किशोर प्रधान, प्रदेश महासचिव डॉ. राम प्रवेश पासवान, प्रदेश सचिव रवींद्र यादव, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अशरफ हुसैन, प्रदेश महासचिव राज कुमार झा, जिला उपाध्यक्ष ललिता झा, राज्य सलाहकार समिति सदस्य दीदार हुसैन चांद, शिवनंदन सिंह, जिला प्रवक्ता कमलेश मंडल, प्रदेश सचिव ई. सतीश सिंह, अवन रॉय जिला प्रभारी संजीव झा मुन्ना आदि थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *