लनामिवि, दरभंगा के स्नातकोत्तर सेकेंड सेमेस्टर सत्र 2025-27 का परीक्षा परिणाम घोषित

स्नातकोत्तर परीक्षा में विज्ञान के 93%, कला के 94% तथा वाणिज्य के 95% परीक्षार्थी हुए उत्तीर्ण

ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा के कुलपति प्रोफेसर संजय कुमार चौधरी के आदेश से स्नातकोत्तर सेकेंड सेमेस्टर सत्र 2025-27 के विज्ञान, कला एवं वाणिज्य का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया। घोषित परिणाम के अनुसार विज्ञान में 93%, कला में 94% तथा वाणिज्य में 95% छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण घोषित किए गए। परीक्षा परिणाम के अनुसार विज्ञान में चार प्रतिशत छात्र प्रमोटेड तथा मात्र तीन प्रतिशत छात्र अनुत्तीर्ण हुए। कला में चार प्रतिशत छात्र प्रमोटेड तथा मात्र दो प्रतिशत अनुत्तीर्ण हुए। वहीं वाणिज्य में मात्र दो प्रतिशत प्रमोटेड तथा तीन प्रतिशत छात्र अनुत्तीर्ण घोषित किए गए।

परीक्षा परिणाम की घोषणा पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कुलपति प्रोफेसर संजय कुमार चौधरी ने छात्र- छात्राओं को बधाई एवं शुभकामना देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय में स्नातकोत्तर का सत्र पूर्णतः नियमित चल रहा है। सत्र नियमितीकरण के लिए कुलपति ने परीक्षा नियंत्रक तथा उनकी पूरी टीम की सराहना करते हुए बधाई दी।

परीक्षा नियंत्रक डॉ इंसान अली ने बताया कि विज्ञान संकाय में कुल 3,096 छात्र- छात्राओं ने परीक्षा फॉर्म भरा था, जिनमें से 2,889 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए,

जबकि 133 प्रमोटेड तथा मात्र 74 छात्र अनुत्तीर्ण हुए। कला संकाय में कुल 11,222 छात्रों ने परीक्षा फॉर्म भरा था, जिनमें 10,551 उत्तीर्ण, 396 प्रमोटेड तथा मात्र 275 अनुत्तीर्ण हुए। वहीं वाणिज्य संकाय में कुल 1,096 परीक्षार्थियों ने फॉर्म भरा, जिनमें 1,045 उत्तीर्ण हुए एवं मात्र 21 प्रमोटेड तथा 30 अनुत्तीर्ण हुए हैं।
