Featured

मधुबनी में ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर; भाई घायल, 25 अप्रैल को हुई थी शादी।

मधुबनी में परीक्षा देने जा रही छात्रा की सड़क हादसे में मौत हो गई। उसका भाई घायल हो गया। घटना राजनगर थाना क्षेत्र की है। मृतका की पहचान अंधराठाढ़ी थाना क्षेत्र के देवहार, बिदौलिया निवासी राजेश्वर ठाकुर की बेटी रीना कुमारी(19) के रूप में हुई है। रीना की 25 अप्रैल को ही शादी हुई थी।

सोमवार को रीना अपने भाई मिथलेश ठाकुर के साथ बाइक से मधुबनी महिला कॉलेज में स्नातक तृतीय वर्ष की परीक्षा देने जा रही थी। इस दौरान मधुबनी की ओर से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। रीना की मौके पर ही मौत हो गई। मिथलेश को गंभीर चोटें आई। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटनास्थल पर शव।
राजनगर थाना पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मधुबनी सदर अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर न्याय की मांग करने लगे। लेकिन मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और यातायात बहाल कराया।

मृतका की हाल ही में हुई थी शादी

हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक और बाइक को जब्त कर लिया है। चालक की तलाश में छापेमारी जारी है। ट्रक समस्तीपुर जिले का बताया जा रहा है। बता दें कि रीना देवहार पंचायत के मुखिया की भतीजी थी।

राजनगर थाना प्रभारी ने बताया कि फरार चालक को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है। सक के आधार पर दो लोगों को पकड़ा गया था। लेकिन उनके बेकसूर साबित होने पर उन्हें छोड़ दिया गया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *