बेनीपुर प्रखंड प्रमुख के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव किया गया पेश।
पंचायत चुनाव के दो साल होने के बाद अब प्रखंड प्रमुखों के खिलाफ पंचायत समिति सदस्यों ने मोर्चा खोल दिया है। विकास योजनाओं के आवंटन में भेदभाव बरतने के आरोप लगाकर कुछ पंचायत समिति सदस्यों ने बेनीपुर प्रखंड प्रमुख चौधरी मुकुंद कुमार राय के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया है।
बताते चलें कि 29 दिसंबर को पंचायत समिति सदस्यों 23 में से नौ सदस्यों ने संयुक्त हस्ताक्षर कर अविश्वास प्रस्ताव का आवेदन बीपीआरओ सह कार्यपालक अधिकारी भारती कुमारी को सौंप दिया है। इसकी पुष्टि बीपीआरओ ने की है।
कार्यपालक अधिकारी सह बीपीआरओ ने बताया कि 29 दिसंबर को प्रखंड प्रमुख चौधरी मुकुंद कुमार राय के खिलाफ कुछ पंचायत समिति सदस्य ने अविश्वास का आवेदन दिया है। उन्होंने बताया कि अविश्वास पर बहस करने के लिए प्रखंड प्रमुख बैठक की तिथि नौ जनवरी को निर्धारित की गई है। प्रखंड प्रमुख से पूछने पर बताया कि मुझे अविश्वास प्रस्ताव लगाने की जानकारी मिली है। तन-मन से इसकी तैयारी कर रहा हूं।
इधर, पंचायत समिति सदस्य सह पूर्व प्रखंड प्रमुख मनोज कुमार मिश्रा ने बताया कि हमारे पक्षधर सदस्यों ने अविश्वास नहीं लगाया है। तार्किक बात यह है कि विक्षुब्ध खेमा अविश्वास लगाने से इनकार किया, तो पक्षधर सदस्य क्यों अविश्वास लगाया है। बेनीपुर में चर्चा है कि प्रमुख अपने समर्थक सदस्यों से अविश्वास लगाकर कुछ वर्षों के लिए अपने पद को सुरक्षित करने में जुटे हैं।
