Featured

नीतीश कुमार का संदेश लेकर महाराष्ट्र पहुंचे देवेश चंद्र ठाकुर, उद्धव ठाकरे और शरद पवार से की मुलाकात

दरअसल, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सलाह पर विपक्षी एकता की एक बैठक पटना में आयोजित करवाने की योजना बना रहे हैं। अब इसी को लेकर वो विपक्षी दलों के तमाम नेताओं से खुद मुलाक़ात करने की योजना बना रहे हैं और अपने पार्टी के भरोसेमंद नेताओं को विपक्षी दलों के प्रमुख नेताओं से मुलाकात करने का टास्क भी दे रहे हैं। यही वजह है कि अब बिहार विधान परिषद के सभापति देवेश चंद्र ठाकुर मुंबई पहुंचे हैं और वहां शरद पवार और उद्धव ठाकरे से मुलाकात की है। इसके साथ ही विपक्षी एकजुटता पर चर्चा के लिए विपक्षी एकजुटता की बैठक में आने के लिए आमंत्रण भी दिया है।

बताया जा रहा है कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव के बाद विपक्षी एकजुटता पर बड़ी बैठक राजधानी पटना में हो सकती है। इसकी तैयारी चल रही है. जिसमें मिशन 2024 को लेकर रणनीति तय होगी। यहीं नहीं, सीएम नीतीश पिछले महीने कांग्रेस के आला नेताओं से मिलने के बाद विपक्ष के कई नेताओं से मिल चुके हैं। यह भी चर्चा चल रही है कि यह बैठक 17- 18 मई को संभावित हो सकती है। हालांकि अभी तक तिथि को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। लेकिन बिहार में कर्नाटक चुनाव के बाद एक सप्ताह के अंदर ही यह बैठक हो सकती है।

बताते चलें कि, इस विपक्षी एकता का सिर्फ एक ही प्रयास है कि किसी भी तरह से बीजेपी को सत्ता से उठाकर बाहर कर दिया जाए। इसीलिए एक मजबूत विपक्ष बनाते की ओर सीएम नीतीश ने कदम बढ़ाया है। इसलिए ही नीतीश कुमार खुद ममता बनर्जी को भी मनाने के लिए 24 अप्रैल को कोलकाता गए थे। उसके तुरंत बाद लखनऊ जाकर सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव से भी उन्होंने मुलाकात की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *