Featured

लोहरदगा में मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने बिहार चुनाव परिणाम पर दिया बयान, कह दी ये बड़ी बात।

लोहरदगा में मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने बिहार विधानसभा चुनाव परिणाम पर बड़ा बयान दिया है.

लोहरदगा में कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की.

लोहरदगा : झारखंड स्थापना दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर लोहरदगा में जिलास्तरीय कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया. जिसमें झारखंड सरकार की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुईं. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग जुटे और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई. कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने बिहार चुनाव परिणाम पर बयान दिया है.

चुनाव आयोग पर मंत्री ने उठाए सवाल

कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने बिहार विधानसभा चुनाव परिणाम को लेकर बड़ा बयान दिया. उन्होंने चुनाव परिणामों पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि बिहार में जो नतीजे आए हैं, वो जनता के जनादेश से ज्यादा चुनाव आयोग का जनादेश लग रहा है. मंत्री ने कहा कि यह बेहद चौंकाने वाली बात है कि जिनकी 20 साल तक सरकार रही, उनके खिलाफ विरोधी लहर दिखाई नहीं दी.

उन्होंने कहा कि वे स्वयं चुनाव प्रचार के दौरान बिहार गई थीं और वहां जनता के बीच जो माहौल देखा, वह बिल्कुल भी परिणामों में नजर नहीं आता. उन्होंने कहा कि हमने जो फील्ड में देखा था, वह वास्तविक तस्वीर थी, लेकिन नतीजे उससे बिल्कुल अलग कहानी बता रहे हैं.

मंत्री शिल्पी नेहा ने एनडीए पर साधा निशाना

मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने एनडीए पर निशाना साधते हुए कहा कि एनडीए ने एसी रूम में बैठकर चुनाव लड़ा था. किस तरह जोड़-घटाव करके चुनाव लड़ाया गया, यह भी जगजाहिर है. साथ ही किन संवैधानिक संस्थाओं का साथ रहा, यह भी किसी से छिपा नहीं है. उन्होंने कहा कि यदि लोकतंत्र में इस तरह का हस्तक्षेप जारी रहा तो यह देश और राज्य, दोनों के लिए बेहद खतरनाक संकेत हैं. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र का हनन किसी भी रूप में स्वीकार योग्य नहीं है. आने वाला समय इससे प्रभावित होगा, जो देश के लिए गंभीर स्थिति पैदा कर सकता है.

मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना से लाभान्वित करतीं मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की.
मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की का बिहार विधानसभा चुनाव परिणाम पर दिया गया यह बयान राजनीतिक हलकों में नई चर्चा को जन्म दे दिया है. राज्य स्थापना दिवस और बिरसा मुंडा की जयंती पर लोहरदगा में आयोजित इस कार्यक्रम में जहां राज्य की सांस्कृतिक झलक दिखी, वहीं बिहार चुनाव पर दिए गए मंत्री के बयान ने इसे राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण बना दिया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *