EVM-VVPAT चलाने की कर्मियों को मिली ट्रेनिंग:दरभंगा में प्रशिक्षण कार्यक्रम, आपात स्थिति में धैर्य बनाए रखने पर जोर।
बिहार विधानसभा आम निर्वाचन-2025 को लेकर जिला प्रशासन की तैयारियां जोरों पर हैं। इसी क्रम में सोमवार को दरभंगा समाहरणालय स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में मतदानकर्मियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण जिला अधिकारी-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी कौशल कुमार के निर्देशानुसार संपन्न हुआ।
प्रशिक्षण में शामिल सेक्टर पदाधिकारियों और मतदानकर्मियों को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) और वीवीपैट (VVPAT) के संचालन से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षकों ने बताया कि मतदान प्रक्रिया शुरू करने से पहले किस तरह से मॉक पोल (Mock Poll) किया जाता है, ताकि मशीनों की शुद्धता सुनिश्चित हो सके।
ईवीएम कनेक्शन के बारे में दी जानकारी
कर्मियों को यह भी सिखाया गया कि ईवीएम का सही ढंग से कनेक्शन किस प्रकार स्थापित किया जाए और बैलट यूनिट, कंट्रोल यूनिट और वीवीपैट को किस क्रम में जोड़ा जाता है।
प्रशिक्षण के दौरान मतदानकर्मियों को मतदान दिवस की वास्तविक परिस्थितियों का अभ्यास कराया गया। इसमें मतदाताओं को कतारबद्ध करना, उनकी पहचान सुनिश्चित करना, दिव्यांग और वृद्ध मतदाताओं को प्राथमिकता देना और मतदाता पर्ची के आधार पर सत्यापन करने जैसी प्रक्रियाएं शामिल थीं।
साथ ही मतदान केंद्र पर शांति और व्यवस्था बनाए रखने, निष्पक्षता और सतर्कता के साथ कार्य करने तथा किसी भी आपात स्थिति में धैर्य बनाए रखने पर जोर दिया गया।
प्रशिक्षकों ने स्पष्ट किया कि यदि मतदान के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी समस्या आती है तो सेक्टर पदाधिकारी और मास्टर ट्रेनर की सहायता ली जा सकती है। प्रशिक्षण सत्र में मतदानकर्मियों की जिज्ञासाओं को भी प्रश्नोत्तर सत्र के माध्यम से दूर किया ।
मतदानकर्मियों की भूमिका बेहद अहम
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि विधानसभा चुनाव लोकतंत्र का सबसे महत्वपूर्ण पर्व है। इसमें मतदानकर्मियों की भूमिका बेहद अहम होती है। उन्होंने सभी से अपेक्षा जताई कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ चुनावी दायित्व निभाएंगे ताकि जिले में शांतिपूर्ण, पारदर्शी और निष्पक्ष चुनाव सम्पन्न हो सके।
