Featured

लालू बोले-ए मोदी जी, गुजराती फॉर्मूला बिहार में नहीं चलेगा:पटना में लगा तेजस्वी, राहुल और अखिलेश का पोस्टर, लिखा- त्रिदेव करेंगे विरोधियों का सर्वनाश।

राजद सुप्रीमो लालू यादव ने पीएम मोदी पर सियासी वार किया है।

 

उन्होंने अपने फेसबुक पर लिखा है कि, ऐ मोदी जी, विक्ट्री चाहिए बिहार में और फैक्ट्री दीजिएगा गुजरात में ? ये गुजराती फॉर्मूला बिहार में नहीं चलेगा। वहीं NDA के बिहार बंद पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बीजेपी को घेरा है। तेजस्वी ने अपने एक्स पर लिखा है कि, ‘काश! रैली की तरह बिहार बंद के लिए भी भाड़े पर लोग बुला लेते। जैसे रैली में पुलिस और प्रशासन पर दबाव देते है ऐसे ही बंद के लिए पुलिस को ही बोल देते वो ही ट्रैफिक रुकवा देते। विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बीजेपी ने कल बिहार में दुनिया भर की गुंडागर्दी की।

 

तेजस्वी ने कहा कि, भाजपाई गुंडों ने सरेआम महिलाओं को पीटा, शिक्षिकाओं को पीटा, गर्भवती महिलाओं को रोका, बुजुर्गों को धक्का दिया, छात्राओं के साथ दुर्व्यवहार किया, बच्चों को स्कूल जाने से रोका, एम्बुलेंस रोकी, शहीद के परिजनों को पीटा लेकिन फिर भी ये नकारे लोग पंचायत तो छोड़िए एक वार्ड तक बंद नहीं करा पाए।’ तेजस्वी, अखिलेश और राहुल को बताया त्रिदेव पटना में आरजेडी कार्यालय के बाहर पोस्टर लगाया गया है। जिस पर तेजस्वी यादव, राहुल गांधी और अखिलेश यादव की तस्वीर है। ये पोस्टर भाई धर्मेंद्र मुखिया की ओर से लगाया है। पोस्टर पर लिखा है- विरोधियों का करेंगे सर्वनाश कहलाएंगे त्रिदेव।

 

चिराग पासवान ने कांग्रेस-राजद पर बोला हमला ‘मुझे बार-बार कमजोर करने की साजिश हुई। पहले मुझे परिवार से अलग किया गया, फिर पार्टी से। बूढ़ी मां के साथ घर से निकालकर सड़क पर फेंकवा दिया गया। इसके बावजूद मैं नहीं टूटा।’ लोजपा (आर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने मुजफ्फरपुर के एमआईटी परिसर में गुरुवार को आयोजित नव संकल्प महासभा में ये बातें कहीं। लगभग 20 मिनट के भाषण में चिराग ने एक बार भी एनडीए का नाम नहीं लिया, लेकिन कांग्रेस और राजद पर जमकर हमला बोला।

 

चिराग ने कहा, ‘बिहार की 65% आबादी 35 साल से कम उम्र की है। उन्हें एकजुट करना बेहद जरूरी है।’ सभा में मौजूद वरिष्ठ नेताओं ने चिराग पासवान को बिहार का भविष्य और मुख्यमंत्री पद का चेहरा बताया। चिराग के आगे-पीछे चलने से एनडीए के दूसरे दल भी कन्फ्यूज हैं। विधानसभा चुनाव-2025 में लोजपा-आर ने 43 से 137 सीटों के बीच दावेदारी की है। चुनाव प्रचार के लिए NDA ने बुक कराए 15 हेलिकॉप्टर बिहार विधानसभा चुनाव की तारीख की घोषणा भले ही अभी नहीं की गई हो, पर चुनाव प्रचार के लिए हेलिकॉप्टर बुकिंग शुरू हो गई है।

 

इस बार बिहार स्टेट हैंगर से कुल 20 चॉपर चुनावी प्रचार के लिए उड़ान भरेंगे। इनमें से अधिकांश हेलिकॉप्टर एनडीए और महागठबंधन के नेताओं के प्रचार के लिए होंगे। इनमें सिंगल और डबल इंजन के 4 से 6 सीटर हेलिकाप्टर शामिल हैं। एनडीए के घटक दल, भाजपा और जदयू ने चुनाव प्रचार के लिए कुल 15 हेलिकॉप्टर बुक किए हैं। इनमें से 12-13 हेलिकॉप्टर भाजपा और 2 हेलिकॉप्टर जदयू के लिए होंगे।

 

इसके अलावा, एनडीए के अन्य सहयोगी दलों जैसे हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (से), राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमा) और अन्य क्षेत्रीय दल भी प्रचार के लिए हेलीकॉप्टरों का उपयोग करेंगे। महागठबंधन ने बुक किए 5 चॉपर महागठबंधन की ओर से कांग्रेस, राजद और अन्य सहयोगी दलों ने 5 चॉपर बुक किए हैं। जनसुराज पार्टी के हेलिकॉप्टर उड़ने की उम्मीद कम है। पटना एयरपोर्ट के ग्लोबल फ्लाइट सर्विसेज के मैनेजर देवेंद्र कुमार के अनुसार, इस बार पिछले चुनावों के मुकाबले करीब तीन गुना अधिक हेलिकॉप्टर चुनाव प्रचार के लिए उड़ेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *