समस्तीपुर में डूबे 3 दोस्त, 1 लापता:ग्रामीणों ने 2 की बचाई जिंदगी, एनडीआरएफ की टीम को खोजबीन के लिए बुलाया।
समस्तीपुर के विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र के मऊ धनेशपुर दक्षिण पंचायत के चिनगिया घाट के पास रविवार को बाया नदी में 3 दोस्त डूब गए। हालांकि इस दौरान हल्ला होने पर आसपास के ग्रामीणों ने दो लोगों को नदी से बाहर निकाला, जबकि एक युवक लापता है।
घटना की सूचना पर बड़ी संख्या में पहुंचे स्थानीय लोग ने बताया कि पुलिस को घटना की जानकारी दी गई है। 2 घंटे बीत जाने के बाद भी अब तक कोई देखने नहीं पहुंचा है। एनडीआरएफ की टीम को घटनास्थल बुलाया जा रहा है। लापता युवक की पहचान बेगूसराय जिला के तेघरा बाजार के रहने वाले रामचंद्र साह के बेटे संजय कुमार के रूप में की गई है। वह अपने ससुराल मऊ बाजार आया हुआ था।
स्थानीय लोगों ने 2 को बचाया
लापता युवक के साले राकेश कुमार ने बताया कि वह अपने 2 दोस्तों के साथ नदी में स्नान करने गया था। इसी बीच तीनों युवक पानी में बहने लगे। घाट के पास खड़े लोगों ने तीनों को पानी में बहता देख तो शोर मचाना शुरू किया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने दो लोगों को नदी से बाहर निकाला। जिसका उपचार स्थानीय स्तर पर कराया जा रहा है। वहीं, संजय की तलाश जारी है।
लापता युवक का ससुराल मऊ गांव के भोला शाह के यहां है। वह रक्षाबंधन के मौके पर अपनी पत्नी के साथ आया हुआ था।
3 घंटे बाद पहुंची एसडीआरएफ की टीम, लोगों ने जताया विरोध
3 घंटे बाद एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद लापता युवक की तलाश शुरू की गई है। हालांकि काफी प्रयास के बावजूद लापता युवक के बारे में कुछ पता नहीं चल सका है। नदी में पानी अधिक होने के कारण परेशानी हो रही है। स्थानीय प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचलाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं।
दलसिंहसराय के डीएसपी विवेक शर्मा ने कहा कि बाया नदी में स्नान के दौरान डूबने के कारण एक युवक लापता है। दो को बचा लिया गया है। एसडीआरएफ की टीम युवक की तलाश में जुटी हुई है।
