दरभंगा में बेगूसराय के टीचर की मौत:बेटी को परीक्षा दिलाकर लौट रहे थे घर, रास्ते में दूसरी बाइक से हो गई टक्कर।
दरभंगा के लहेरियासराय-बहेड़ी मुख्य पथ में पतोर थाना क्षेत्र के अनार कोठी के पास दो बाइक में टक्कर हो गई। जिसमें सरकारी शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई।
मृतक की पहचान राजेश कुमार राम (42) के रूप में हुई है, जो बेगूसराय जिले के छौराही थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव के निवासी थे। सरकारी विद्यालय में सहायक शिक्षक के पद पर कार्यरत थे।
परिजन के अनुसार राजेश कुमार अपनी बड़ी बेटी पूजा कुमारी (19) को रेलवे की परीक्षा दिलाने दरभंगा आए थे। परीक्षा खत्म होने के बाद दोनों बाइक से लौट रहे थे, तभी अनार कोठी के पास एक बाइक ने टक्कर मार दी। बाइक से शिक्षक 50 मीटर दूर फेंका गए थे।
टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही शिक्षक की मौत हो गई। घायल पूजा कुमारी का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
सारे दांत टूट गए
हादसे के समय मृतक हेलमेट पहने हुए थे, लेकिन टक्कर की इतनी तेज थी कि हेलमेट भी पूरी तरह टूट गया। मृतक के बेटे अभिषेक कुमार ने बताया कि हमें किसी ने फोन कर सूचना दी कि एक्सीडेंट हो गया है, जब पहुंचे तो देखा कि चेहरा पूरी तरह क्षत-विक्षत हो चुका था, सारे दांत टूट चुके थे।
परिजन ने बताया कि केटीएम बाइक सवार स्थानीय व्यक्ति था, जो टक्कर मारने के बाद मौके से फरार हो गया। थाना को इस घटना की सूचना दे दी गई है और पुलिस दोनों दुर्घटनाग्रस्त बाइकों को जब्त कर चुकी है। मामले की जांच जारी है।
मृतक का साला संतोष कुमार सुमन ने बताया कि राजेश कुमार राम की 4 बेटियां और 1 बेटा है। सभी बच्चे अभी छोटे हैं। किसी की भी शादी नहीं हुई है। 6 महीने पहले पिता का भी निधन हो गया था और परिवार पहले से ही मानसिक और आर्थिक संकट से गुजर रहा था। एक बेटी विकलांग भी है।
घर की महिलाओं को हादसे के बारे में नहीं पता
मृतक के भाई सरोज कुमार ने कहा, हम लोग प्रशासन से न्याय की मांग करते हैं। आरोपी को गिरफ्तार किया जाए और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा मिले। अभी तक इस घटना की जानकारी घर की महिलाओं को नहीं दी गई है, क्योंकि स्थिति बेहद संवेदनशील है।
