Featured

मधुबनी में नदी में डूबने से 3 बच्चियों की मौत:खेत में घूमने गई थी, नहाने के दौरान गहरे पानी में गई।

मधुबनी के रहिका थाना क्षेत्र में कमला नदी के मजरही फाटक के पास शुक्रवार की शाम नदी में नहाने गई तीन बच्चियों की डूबने से मौत हो गई। मृतक बच्चियों की पहचान रानी परवीन (13), आसरीन परवीन (13) और नाफ्या खातून (12) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम लगभग 4 बजे कुछ लड़कियां खेत की ओर घूमने गईं थीं।

इसी दौरान वे सभी मजरही फाटक के पास कमला नदी में नहाने लगीं। नहाते समय तीनों बच्चियां गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। उनके साथ मौजूद अन्य लड़कियों ने शोर मचाया, जिससे आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। जिसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत बच्चियों को पानी से बाहर निकाला और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रहिका ले गए।

घटना की सूचना के बाद सदर अस्पताल के बाहर जुटे ग्रामीणों की भीड़।

जहां अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने तीनों बच्चियों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद अस्पताल की व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों का आरोप है कि अस्पताल में मात्र एक डॉक्टर मौजूद थे और ऑक्सीजन की व्यवस्था भी नहीं थी। उनका कहना है कि समय पर बेहतर इलाज मिलता तो शायद बच्चियों की जान बच सकती थी।

घटना से नाराज लोगों ने रहिका-दरभंगा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया।

लोगों ने उचित मुआवजे की मांग की

घटना से नाराज लोगों ने रहिका-दरभंगा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी पर कार्रवाई करने, अस्पताल की व्यवस्था सुधारने और मृत बच्चियों के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की।

सूचना मिलते ही अंचलाधिकारी और थाना पुलिस मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई थी और लोग अपनी मांगों पर अड़े हुए थे। ग्रामीणों की मांग है कि दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई हो ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही न दोहराई जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *