Featured

अब खत्म होगा जाम का झंझट, बेगूसराय से दरभंगा-मधुबनी जाना होगा आसान, सड़क होगी चौड़ी।

बिहार सरकार ने बेगूसराय की बरसों पुरानी समस्या का समाधान निकालते हुए एक बड़ी परियोजना को मंजूरी दे दी है। अब वीर कुंवर सिंह चौक से माधुरी ढाला तक 4.9 किलोमीटर लंबे मार्ग का चौड़ीकरण और मजबूतीकरण किया जाएगा। इस सड़क को चौड़ा करने से जाम की समस्या कम होगी और बेगूसराय से दरभंगा, मधुबनी और समस्तीपुर जैसे जिलों की कनेक्टिविटी और आसान हो जाएगी।

18.5 करोड़ की लागत से बनेगी चौड़ी सड़क

इस परियोजना पर कुल 18 करोड़ 61 लाख 20 हजार रुपये खर्च होंगे। चौड़ीकरण के बाद इस सड़क से न सिर्फ बेगूसराय के गढ़पुरा और बखरी जाने वालों को फायदा मिलेगा, बल्कि रोसड़ा और खगड़िया जाने वाले लोगों की भी मुश्किलें आसान होंगी। खास बात यह है कि इस सड़क के जरिए दरभंगा, मधुबनी और समस्तीपुर जाने वाले यात्रियों को जाम में फंसने से राहत मिलेगी।

व्यापार और शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा

स्थानीय लोगों के अनुसार हाल के वर्षों में बेगूसराय इलाके में व्यापारिक गतिविधियां, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा काफी बढ़ा है। ऐसे में संकरी सड़क पर रोजाना भारी दबाव रहता है। चौड़ीकरण होने से न सिर्फ सफर आसान होगा, बल्कि व्यापार और अन्य गतिविधियों में भी तेजी आएगी।

उपमुख्यमंत्री ने दी जानकारी

बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि मौजूदा सड़क संकरी होने की वजह से लोगों को रोज जाम का सामना करना पड़ता था। इस मंजूरी के बाद जल्द ही चौड़ीकरण का काम शुरू होगा, जिससे वाहनों की रफ्तार बढ़ेगी, सफर सुरक्षित होगा और लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

बिहार में सड़कों का जाल बिछा रही सरकार

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार सरकार लगातार सड़क नेटवर्क को मजबूत बनाने में जुटी है। सरकार का दावा है कि आज पटना से राज्य के किसी भी हिस्से तक 4 से 5 घंटे में पहुंचना संभव है। बेगूसराय में शुरू की जा रही यह परियोजना भी इसी अभियान का हिस्सा है, जिससे राज्य की सड़क व्यवस्था और सशक्त होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *