सहरसा में गणेश महोत्सव पर जलाए गए 11 हजार दीप:तालाब किनारे बैठकर महिलाओं ने भक्तिमय गीतों का लिया आनंद, 6 सितंबर को होगा समापन।
सहरसा के शंकर चौक में गणेश महोत्सव का आयोजन धार्मिक उत्साह के साथ चल रहा है। राम जानकी ठाकुरबाड़ी मंदिर परिसर और शंकर चौक तालाब पर गणेश सेवा मंडल की ओर से 10 दिवसीय महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 27 अगस्त से शुरू हुआ है और 6 सितंबर तक चलेगा।
मंगलवार की शाम को महोत्सव का विशेष आयोजन हुआ। शंकर चौक तालाब परिसर में 11 हजार दीप जलाए गए। दीपों की रोशनी से पूरा तालाब क्षेत्र जगमगा उठा। हजारों श्रद्धालु तालाब के किनारे बैठकर इस दृश्य का आनंद लेते नजर आए। भक्तिमय गीतों और मंत्रोच्चारण से पूरा वातावरण गुंजायमान हो गया।
सेवा भावना का संदेश देना उद्देश्य
प्रतिदिन भगवान गणेश की विशेष पूजा-अर्चना की जा रही है। गंगा आरती के बाद गणेश सेवा मंडल के कार्यकर्ता श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित करते हैं। मंडल के पदाधिकारियों के अनुसार, गणेश महोत्सव का उद्देश्य समाज में भाईचारा और सेवा भावना का संदेश देना भी है।
आने वाले दिनों में भजन संध्या और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। 6 सितंबर को पूजा-अर्चना और गणपति विसर्जन के साथ महोत्सव का समापन होगा। कार्यक्रम में महिलाएं और बच्चे भी बड़ी संख्या में शामिल हो रहे हैं।
