मगरदही-रेलवे पुल के बीच 600 मीटर में विकसित होगा; फूड स्टॉल और पार्किंग की भी व्यवस्था।
समस्तीपुर शहर के बीचों बीच से गुजरने वाली बूढी गंडक नदी पर रिवर फ्रंट विकसित करने के लिए स्थल का चयन हो गया है। रिवर फ्रंट शहर के मगरदही और रेलवे पुल के बीच बांध के दोनों ओर बनाया जाएगा। इसके लिए गंगा नदी के सिमरिया घाट को विकसित करने वाले आर्किटेक्ट को जिम्मेवारी सौंपी गई है। निर्माण कार्य पर करीब 300 करोड़ रुपए खर्च होंगे। बाढ नियंत्रण प्रमंडल के अभियंताओं को निर्माण की जिम्मेवारी दी गई है।
शहर के बीचों-बीच से गुजरने वाली बूढ़ी गंडक नदी।
फंड जारी होने के बाद निकलेगा टेंडर
बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर राकेश रंजन ने बताया, ‘रिवर फ्रंट अभी प्रारंभिक स्तर पर है। नक्शा बनाने की जिम्मेवारी सिमरिया घाट को डिजाइन करने वाले आर्किटेक्ट को दी गई है। मगरदही और रेलवे पुल के बीच के स्थल का चयन किया गया है। इन दोनों पुलों के बीच 600 मीटर जगह में स्थल का विस्तार किया जाएगा। ताकि रेलवे पुल से जब ट्रेन गुजरेगी तो लोगों की नजर इस स्थल पर पड़ेगी।’
इस योजना पर अभी बहुत कुछ होना है। आर्किटेक्ट अभी नशा बना रहे हैं। नक्शा बनने के बाद एक कार्य योजना मुख्यालय भेजा जाएगा। योजना की स्वीकृति और फंड जारी होने के बाद ही निविदा होगा।
मगरदही से रेलवे पुल तक बनेगा रिवर फ्रंट।
प्रगति यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने किया था निरीक्षण
प्रगति यात्रा के दौरान गत जनवरी महीने में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्थल का निरीक्षण किया था। जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक में बीजेपी एमएलसी डॉ. तरुण चौधरी ने मांग रखी तो इस पर सीएम ने अभियंताओं को कार्य रिपोर्ट देने को कहा था। जिसके बाद बाढ़ प्रमंडल विभाग ने कार्य योजना बनाने का कार्य शुरू किया था।
रेलवे पुल से लेकर मगरदही पुल तक 600 मीटर में चारों ओर नदी से सटे सीढ़ी के साथ ही बैठने के लिए जगह का विस्तार होगा। जहां पर फुर्सत के समय परिवार के साथ बैठ सकेंगे। यहां वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था होगी। फूट स्टॉल भी लगाए जाएंगे। लाइटिंग की उत्तम व्यवस्था होगी।
