बेगूसराय में युवक की गोली मारकर हत्या:दो दिन पहले दिल्ली से आया था घर, खेत में मिली लाश।
बेगूसराय में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान सकरौली गांव के वार्ड नंबर-4 निवासी स्वर्गीय रामचंद्र शर्मा के बेटे चंदन शर्मा (32) के रूप में की गई है। मामला चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के सकरौली गांव का है।
चंदन शर्मा की लाश गांव के बगल में स्थित मिल्की बहियार स्थित एक खेत से बरामद किया गया है। हत्या की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया और मामले की छानबीन कर रही है।
घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि चंदन शर्मा शनिवार की शाम करीब 5 बजे से ही घर से निकला था, लेकिन काफी देर बाद भी वापस नहीं लौटा। मोबाइल पर भी संपर्क नहीं हुआ तो परिजनों की ओर से खोजबीन की जा रही थी। देर रात तक खोजबीन के बाद भी युवक नहीं पहुंचा और न ही उसका कुछ पता चल सका।
जुए के विवाद में मर्डर की आशंका
परिजन अनहोनी की आशंका से भयभीत थे। इस बीच आज किसान अपने खेतों को देखने के लिए पहुंचे तो इसी गांव के निवासी सुधीर महतो ने अपने खेत में लाश देखा। दौड़ते हुए सुधीर ने इसकी जानकारी लोगों को दी। बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
चंदन दिल्ली में रहकर मजदूरी करता है। दो दिन पहले ही वह गांव लौटा था। इसके बाद शाम में थोड़ी देर में आने की बात कहकर निकाला। लेकिन सुबह में उसकी लाश मिली। बदमाशों ने पीठ में गोली मारी, जो सीने के चीरते हुए निकल गई। आशंका जताई जा रही है घटनास्थल के आसपास शराब और जुआ का खेल होता है। इसी विवाद में ही उसकी हत्या की गई है।
फिलहाल स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की सूचना पर चेरिया बरियारपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष सुबोध कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल ने विभिन्न पहलुओं पर जांच-पड़ताल के बाद लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि जांच चल रही है, उसके बाद ही खुलासा होगा।
शुक्रवार को दिल्ली से आया था घर
एसपी मनीष ने बताया कि सकरौली मिल्की मौजा स्थित मकई के खेत के समीप 32 साल के चंदन कुमार शर्मा की लाश मिली है। परिजनों से पूछताछ में बताया है कि शुक्रवार को वह दिल्ली से आया था।
कल दोपहर में मछली लाने घर से निकला और मछली पहुंचा दिया था। परिजनों से शाम में भी बात हुई थी। उसके बाद अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। मैंने स्वयं घटनास्थल पर जाकर जांच किया है।
FSL टीम से जांच कराई गई है। मंझौल डीएसपी के नेतृत्व में चेरिया बरियारपुर थाना की पुलिस टीम सभी पहलुओं पर छानबीन करते हुए अपराधियों की पहचान सहित आगे की कार्रवाई कर रही है।
