Featured

हालचाल पूछा, फिर पत्नी के सामने पति की हत्या:बेगूसराय में बीच सड़क सिर में मारी 3 गोली; परिजनों का हंगामा, पथराव में थानाध्यक्ष घायल।

बेगूसराय में सोमवार रात अपराधियों ने पत्नी के सामने उसके पति की गोली मारकर हत्या कर दी। हरेराम पासवान उर्फ हरिया (42) के सिर में 3 गोलियां लगी हैं। घटना रात 8 बजे डंडारी थाना क्षेत्र की है।

परिजनों के मुताबिक, हरेराम पासवान अपनी पत्नी के साथ मछली खरीद कर घर लौट रहा था। इस दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने राजोपुर गांव में बूढ़ी गंडक के पास हाल-चाल पूछने के बहाने रोका। फिर सिर में गोली मारकर फरार हो गए।

वारदात के बाद परिजन और ग्रामीणों ने हंगामा किया। लोगों ने मौके पर पहुंची डंडारी थाने की पुलिस पर हमला कर दिया।

पत्थरबाजी में थानाध्यक्ष विवेक कुमार को चोट लगी है। बताया जा रहा है मछली मारने के धंधे में विवाद के बाद हत्या को अंजाम दिया गया।

हरेराम पर पहले से एक केस दर्ज था। मछली कारोबार के विवाद में उसकी हत्या की गई।

घात लगाकर मार दिया

मृतक के बेटे चांद ने बताया, ‘मम्मी-पापा बाइक से हाट पर मछली लाने गए थे। वहां से लौटने के दौरान पापा को गोली मार दी। मम्मी लगातार बेहोश हो रही है, उसने गोली मारने वाले का नाम बताया है। पहले से ही मछली के कारोबार को लेकर बिरजू यादव, मंजेश यादव, कारी यादव और इंदल यादव से विवाद चल रहा है। इन लोगों ने घात लगाकर हमला किया है।’

फायरिंग के बाद दुकानदार भाग गए

मृतक की पत्नी लालो देवी ने कहा, ‘घर से करीब 1 किलोमीटर दूर राजोपुर कटरमाला नाव घाट के समीप बदमाशों ने बात करने के लिए रोका। हाल-चाल पूछा और फिर गोली चला दी। कनपटी में गोली लगते ही मेरे सामने पति की तड़प-तड़पकर मौत हो गई। फायरिंग होते ही वहां मौजूद दुकानदार दुकान बंद करके भाग गए।’

लंब समय से चल रही है जातीय जंग

प्रारंभिक जांच में जलकर विवाद(मछली कारोबार) बताया जा रहा है। हालांकि स्थानीय लोगों के बीच राजोपुर गांव में लंबे समय से दो जाति के बीच वर्चस्व की लड़ाई चल रही है। किसी एक पक्ष के साथ कोई भी घटना होती है तो दूसरे जाति के लोगों को आरोपी बनाया जाता है।

यह जातीय जंग लंबे समय से चलती आ रही है। वर्चस्व की लड़ाई में हत्या के प्रयास के आरोप में हरेराम पासवान जेल भी गया था। जहां से करीब 3 साल पहले निकला। तब से कैथ कोला नदी में पट्टा लेकर जलकर(मछली मारने) का कारोबार करता था।

मछली लेकर घर लौट रहा था

कारोबार को लेकर दोनों गुट में बराबर वर्चस्व की लड़ाई होती थी। मंगलवार को हरेराम तालाब में मछली की बीज गिराने वाला था। सोमवार दिन से ही हत्या की प्लानिंग थी। कुछ लोगों ने उसे शराब भी पिलाया था। इधर-उधर चलने के लिए कहते रहे, लेकिन वह कहीं नहीं गया। शाम में पत्नी के साथ मछली लाने इस्फा घाट गया था। वहां से लौटते समय गोली मार दी।

अस्पताल में रोते-बिलखते हुए परिजन।

हमले में थानाध्यक्ष घायल

जानकारी के मुताबिक घटना के काफी देर बाद पुलिस पहुंची। जिससे लोग आक्रोशित हो गए और पुलिस पर ईंट-पत्थर चलाना शुरू कर दिया। जिसमें ईंट लगने से डंडारी थानाध्यक्ष विवेक कुमार चोटिल भी हुए। इसके बाद मामला बिगड़ते देख सूचना वरीय पदाधिकारी को दी गई तो बलिया डीएसपी पहुंचे।

नीमा चांदपुरा थाना से भी पुलिस पहुंची। लेकिन आक्रोशित लोग कुछ सुनने को तैयार नहीं थे। इसके बाद एसपी मनीष घटनास्थल पर पहुंचे और हत्यारे को पकड़ कर कड़ी सजा देने का आश्वासन दिया। तब लोगों ने लाश वहां से उठाया। घटना के बाद गांव में पिनड्रॉप साइलेंस है। इस संबंध में कोई भी खुलकर बोलने को तैयार नहीं है। सभी लोग अनहोनी की आशंका से सहमे हुए हैं।

पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल लाया गया शव। जांच के लिए पहुंची पुलिस।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *