दरभंगा

मधुबनी : बस-ऑटो के बीच टक्कर; एक की मौत, 5 जख्मी:मधुबनी में आमने-सामने भिड़े दोनों वाहन, आक्रोशित लोगों ने मधवापुर-बिहारी मुख्य सड़क  को जाम कर दिया ।

मधुबनी के मधवापुर थाना क्षेत्र में रविवार को हुए सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई और पांच लोग घायल हो गए। घटना मधवापुर और बिहारी गांव के बीच पुलिया के पास की है। जहां “जय माता दी” बस और टेम्पू आमने-सामने टकरा गए। मृतक की पहचान मोहम्मद ऐनुल (58), निवासी बिहारी गांव, के रूप में हुई है।

बस और ऑटो के बीच हुई टक्कर

स्थानीय लोगों ने बताया कि बस मधवापुर से पटना जा रही थी और टेम्पू बिहारी की ओर से आ रहा था। कुहासे के कारण दोनों वाहनों के बीच टक्कर हुई। हादसे में टेम्पू सवार यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दो घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें मधुबनी सदर अस्पताल रेफर कर दिया।

आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन

घटना से गुस्साए स्थानीय लोगों ने मधवापुर-बिहारी मुख्य सड़क पर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों ने वरीय प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर बुलाने और मृतक व घायलों को उचित मुआवजा देने की मांग की। लगभग तीन घंटे तक सड़क जाम रहा, जिससे यातायात बाधित हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही मधवापुर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, आक्रोशित लोग सड़क जाम हटाने को तैयार नहीं थे। पुलिस और स्थानीय प्रशासन द्वारा आश्वासन देने के बाद ही जाम समाप्त हुआ।

जांच में जुटी पुलिस

स्थानीय लोगों ने मांग की है कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए घने कुहासे के दौरान सड़कों पर यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए। वहीं, प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मुआवजे की प्रक्रिया पर विचार किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *