बेगूसराय : दुर्गा पूजा को लेकर नगर निगम ने की विशेष व्यवस्था:बेगूसराय में पंडाल को मिलेगा स्वच्छता पुरस्कार, वार्ड में सफाई के लिए होंगे सम्मानित
बेगूसराय में नगर निगम ने इस बार दुर्गा पूजा को लेकर विशेष व्यवस्था की है। इससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो। पूजा पंडालों के पास अस्थाई शौचालय बनाया जाएगा। पूजा पंडाल जाने वाली सड़क के गड्ढा को भरा जाएगा। यातायात वॉलंटियर की व्यवस्था की गई है। ब्लीचिंग पाउडर और एंटी लार्वा का भी छिड़काव किया जा रहा है।
दुर्गा पूजा में किए जाने वाली विशेष कार्यों को लेकर आज नगर निगम प्रशासन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की। मेयर पिंकी देवी ने बताया कि स्वच्छता ही सेवा अभियान दो अक्टूबर तक आयोजित था, उसे विस्तारित कर छठ महापर्व 8 नवंबर तक किया गया है। इस अवधि में नगर निगम क्षेत्र के सभी पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं को समुचित सुविधा उपलब्ध कराने पर पुरस्कृत किया जाना है।
नगर निगम में आयोजित प्रेसवार्ता
इस अभियान में दुर्गा पूजा समितियों को पंडालों की संपूर्ण स्वच्छता और साफ-सफाई, कचरा का उचित प्रबंधन, महिला-पुरुष शौचालय की उपलब्धता, डस्टबीन की उपलब्धता, महिला और पुरूष के लिए अलग-अलग लाइन की व्यवस्था, सुरक्षा और लाइट की व्यवस्था, स्वच्छ स्थान पर फूड स्टॉल और पीने का पानी की व्यवस्था, गंदे पानी की निकास की व्यवस्था, मेला स्थल पर सैनिटरी नैपकीन और हैंड सैनिटाइजर की व्यवस्था किया जाना है।
प्रत्येक पूजा पंडाल में स्वभाव स्वच्छता-संस्कार स्वच्छता से संबंधित बैनर और पोस्टर अनिवार्य रूप से लगाया जाएगा। मानदंड के आधार पर व्यवस्था सुनिश्चित करने वाले पूजा समिति को गठित समिति के अनुशंसा और मूल्यांकन के आधार पर पुरस्कृत किया जाएगा। इसमें प्रथम आने वाले समिति को 10 हजार, द्वितीय को 5 हजार और तृतीय को तीन हजार रुपया दिया जाएगा।
छठ महापर्व तक वार्डों में बेहतर साफ-सफाई कराने वाले वार्ड जमादार को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कृत किया जाएगा। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले जमादार को प्रथम पुरस्कार के रूप में 10 हजार, द्वितीय को 5 हजार और तृतीय को 3 हजार रुपए में अपने निजी कोष से दूंगी। सफाई नगर निगम की जिम्मेदारी है, लेकिन जब तक आमलोगों का सहयोग नहीं मिलेगा तब तक इसे दुरुस्त नहीं किया जा सकता है।
मेयर ने कहा कि स्वच्छता हम सभी के संस्कार में शामिल है, इसे हमलोगों को स्वभाव में शामिल करना होगा। तभी हम एक स्वच्छ समाज का निर्माण कर सकते हैं। पिछले कई दिनों से डेंगू के संक्रमण पर रोक के लिए साफ-सफाई, एंटी लार्वा का छिड़काव, फॉगिंग और चूना-ब्लीचिंग का छिड़काव किया जा रहा है।
नगर निगम के 5 वार्डों में गंगा के जलस्तर बढ़ने के कारण बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। वहां भी नगर निगम द्वारा प्रभावित परिवारों के बीच राहत सामग्री का वितरण, रोशनी की व्यवस्था और अस्थायी शौचालय का निर्माण कराया गया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में नगर आयुक्त सत्येंद्र कुमार सिंह, उप मेयर अनिता राय, सिटी मैनेजर, पूर्व मेयर संजय कुमार सहित नगर निगम के अधिकारी उपस्थित थे।
