दरभंगा : दिवंगत पत्रकार विजय श्रीवास्तव को दरभंगा के पत्रकारों ने दी श्रद्धांजलि
बिहार श्रमजीवी पत्रकार यूनियन, दरभंगा के सचिव विजय कुमार श्रीवास्तव का निधन पत्रकारिता जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और वेब पत्रकारिता के तीनों क्षेत्रों में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है। आने वाली पीढ़ी पत्रकारिता क्षेत्र में उन्हें उनके योगदानों के लिए याद रखेगी।
बिहार श्रमजीवी पत्रकार यूनियन, दरभंगा की ओर से लक्ष्मीश्वर सार्वजनिक पुस्तकालय, लालबाग में शनिवार को श्रद्धांजलि सभा की गई। इस मौके पर दरभंगा के पत्रकारों ने उनके व्यक्तित्व और पत्रकारिता के क्षेत्र में किए गए उनके उल्लेखनीय योगदानों को याद किया।
यूनियन के उपाध्यक्ष मुकेश कुमार ने विजय श्रीवास्तव के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि दरभंगा में पत्रकारिता को उन्होंने एक नई दिशा दी। उनकी लेखनी ने हमेशा लोगों को प्रभावित किया और समाज के विभिन्न अनछुए मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। पत्रकार शशि भूषण चौधरी ने कहा, “विजय श्रीवास्तव का असमय जाना पत्रकारिता के क्षेत्र में एक ऐसी कमी छोड़ गया है, जिसकी भरपाई करना संभव नहीं है। उन्होंने इस पेशे को एक नई परिभाषा दी।
सभा का संचालन यूनियन के महासचिव शशि मोहन भारद्वाज कर रहे थे। उन्होंने विजय श्रीवास्तव को एक ‘चलती-फिरती संस्था’ की संज्ञा दी, जिन्होंने हमेशा अपने सहयोगियों को कुछ नया सिखाया और उन्हें प्रोत्साहित किया।
