Featured

निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस ने कसी कमर, राष्ट्रीय सचिव बोले- हम करेंगे फतह, राहुल गांधी से घबराई हुई है मोदी सरकार।

छत्तीसगढ़ के कैबिनेट मंत्री, कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय सचिव व उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेश तिवारी ने कहा कि छानबे विधानसभा का उपचुनाव और निकाय चुनाव कांग्रेस पार्टी मजबूती से लड़ेगी। हमारा लक्ष्य है कि अधिक से अधिक सीट जीता जाए। इसके लिए बूथ स्तर की तैयारी जारी है।

वरिष्ठजनों का साथ युवाओं का हाथ इस चुनाव के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा। निकाय चुनाव लोकसभा चुनाव का सेमी फाइनल है, जिसे मजबूती से फतह करना हम सबका प्रथम लक्ष्य है। लोकसभा चुनाव 2024 भी मजबूती से लड़ेंगे और कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व में सरकार बनेगी। कैबिनेट मंत्री रविवार को मिशन कंपाउंड स्थित कांग्रेस कार्यालय पर बैठक को संबोधित कर रहे थे।

बैठक के उपरांत नगर के गुड़हट्टी चौराहा पर आयोजित नुक्कड़ सभा के दौरान कैबिनेट मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी के भारत जोड़ो यात्रा की सफलता से भाजपा सरकार घबराई हुई है। सरकार अडानी कंपनी की जांच से क्यों भाग रही है। देश के लोकतांत्रिक इतिहास में यह पहली बार हो रहा है कि राहुल गांधी को बोलने नहीं दिया जा रहा है। लोकतंत्र की रक्षा के लिए भ्रष्टाचार से लड़ने वाले राहुल गांधी से केंद्र सरकार घबराई हुई है। भाजपा सरकार ने साजिश के तहत राहुल गांधी की सदस्यता समाप्त कराई क्योंकि वे लोकसभा में तमाम मुद्दे पर बोलना चाहते थे। सभा की अध्यक्षता शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजन पाठक व संचालन राजधर दूबे ने किया।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि नगर निकाय चुनाव में जनता बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, बढ़े हाउस टैक्स, वाटर टैक्स और बिजली के बढ़े दामों के विरूद्ध वोट देकर भाजपा को हराएगी। सरकार को महंगाई और जनता को हो रही परेशानियों का जवाब देना होगा। कांग्रेस पार्टी का लक्ष्य लोकतंत्र विरोधी भाजपा को हराना है।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष व पूर्वांचल प्रभारी मकसूद खान ने कहा कि भाजपा सरकार में विकास ठप हुआ है। नौजवान बेरोजगार है और किसान परेशान है। महंगाई आसमान छू रही है। केंद्र व प्रदेश सरकार हर मोर्चे पर विफल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *