मनीगाछी। प्रखंड क्षेत्र की टटुआर पंचायत के अमताही गांव निवासी गौरी शंकर महतो एवं उनकी पत्नी शीला देवी को गांव के ही आधे दर्जन लोगों ने लोहे के रड, टेंगारी एवं फरसे से मार-पीट कर घायल कर दिया।
घटना गत 14 मई को दिन के करीब 3 बजे की है। गौरी शंकर महतो नियमित रूप से सब्जी बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
बताया जाता है कि अन्य दिनों की तरह गौरी शंकर महतो अपनी पत्नी शीला देवी के साथ सब्जी बेचने घर से निकले तो बौआ लाल यादव, श्रीकांत यादव, प्रवीण यादव सहित आधे दर्जन लोगों ने इन्हें बेवजह लाठी-डंडे, लोहे के रड सहित अन्य सामानों से मार-पीट करना शुरू कर दिया।
मार-पीट की घटना के समय हुए हो हल्ले को सुनकर दौड़े लोगों ने इनकी जान बचाई। मार-पीट की घटना में दोनों पति-पत्नी बुरी तरह जख्मी हो गए।
इस घटना में इनकी एवं इनकी पत्नी शीला देवी का हाथ टूट गया और ये दोनों लहूलुहान हो गए। लोगों ने इन्हें पीएचसी, मनीगाछी पहुंचाया, जहां इनका ईलाज करवाया गया।
इस संबंध में इन्होंने मनीगाछी थाना में अपना फर्दबयान दर्ज कराया है, जिसमें लोहे के रड, फरसा एवं बंदूक के बट से मारपीट कर जख्मी करने का आरोप लगाया है।
थाना में दर्ज प्राथमिकी में बौआ लाल यादव, श्रीकांत यादव, प्रवीण यादव,बौअन यादव, विद्यानंद यादव एवं सुभाष यादव को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार ने बताया कि दर्ज प्राथमिकी के अनुसार आगे की कारवाई शुरू कर दी गई है।




