Featured

सदर अस्पताल गंगवाड़ा में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार हेतु चल रहे कार्यों का डीएम ने लिया जायजा


संस्थागत एवं सिजेरियन प्रसव,शिशु चिकित्सा, हड्डी रोग एवं सामान्य सर्जरी सेवाओं के सुचारू संचालन हेतु अगले सप्ताह तक सभी तैयारियां पूर्ण करने का निर्देश
जिलाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में आज सदर अस्पताल, गंगवाड़ा में मरीजों को बेहतर, सुलभ एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार तथा विभिन्न चिकित्सा विभागों के संचालन को लेकर चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल में उपलब्ध आधारभूत संरचना, चिकित्सा सेवाओं के संचालन हेतु तैयार किए जा रहे विभिन्न स्थानों तथा मरीजों के लिए आवश्यक सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया।

बताया गया कि सदर अस्पताल, गंगवाड़ा में संस्थागत प्रसव, सिजेरियन प्रसव, शिशु चिकित्सा, हड्डी रोग, दंत चिकित्सक एवं सामान्य सर्जरी से संबंधित चिकित्सा सेवाओं के संचालन की दिशा में आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। इन चिकित्सा सेवाओं के प्रारंभ होने से गंगवाड़ा एवं आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि अस्पताल में सामान्य उपचार के साथ-साथ आवश्यक विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं भी उपलब्ध कराने की दिशा में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जाएं, ताकि मरीजों को उपचार के लिए अनावश्यक रूप से दूर न जाना पड़े। उन्होंने अस्पताल में आने वाले मरीजों की सुविधा तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि अगले सप्ताह तक अस्पताल में चिकित्सा सेवाओं के संचालन से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं, ताकि निर्धारित सेवाओं को सुचारू एवं प्रभावी तरीके से प्रारंभ किया जा सके।
उन्होंने चिकित्सा उपकरणों, आवश्यक संसाधनों, मानव संसाधन तथा अन्य आधारभूत व्यवस्थाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई, स्वच्छता एवं बेहतर रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। साथ ही मरीजों एवं उनके परिजनों की सुविधा के लिए आवश्यक साइनेज, बैठने की व्यवस्था, आवागमन की सुविधा तथा अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने को कहा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल के विभिन्न हिस्सों का भ्रमण कर उपलब्ध आधारभूत संरचना एवं चिकित्सा सेवाओं के लिए तैयार किए जा रहे स्थानों का जायजा लिया।
उन्होंने कहा कि अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार का मुख्य उद्देश्य आमजन को स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है।
इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय-सीमा में सभी तैयारियां पूरी करें।

इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. अरुण कुमार, प्रभारी उपाधीक्षक सदर अस्पताल गंगवाड़ा-सह-स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सुप्रिया नारायण, डीपीएम स्वास्थ्य श्री प्रभात कुमार राजू, डीसीएम श्री रवि कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *