Featuredप्रादेशिक

विवाहिता का मिला शव, परिजन बोले-मर्डर हुआ है:आरोपी पति की पहली पत्नी की भी हो चुकी है मौत, नशे में मारपीट का भी आरोप।

अस्थावां थाना क्षेत्र अंतर्गत अस्थावां गांव में एक विवाहिता का शव उसके ससुराल से पुलिस ने बुधवार की रात बरामद किया है। मृतका सुरेश चौधरी की 22 वर्षीय पत्नी खुशबू कुमारी है। गुरुवार की सुबह पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंची।

खुशबू की मां सुमन देवी ने बताया कि सालभर पूर्व उन्होंने अपनी बेटी की शादी सुरेश चौधरी से की थी। शादी के बाद पता चला कि उनके दामाद की पहले भी शादी हो रखी थी। जिससे तीन बच्चे हैं। पहली पत्नी को भी उसने मार दिया था।

बुधवार की शाम उनको सौतेले बेटे ने खुशबू के बारे में जानकारी दी। इसके बाद वे लोग अपनी बेटी के ससुराल पहुंचे, जहां देखा कि फांसी लगाकर उनकी बेटी की हत्या कर दी गई।

स्वजनों ने बताया कि हमेशा उनका दामाद नशे की हालत में घर आता था और उनकी बेटी के साथ मारपीट किया करता था। अगर उनकी बेटी किसी रिश्तेदार के यहां जाती थी तो वहां भी उसे रहने नहीं देता था और मारपीट कर घर ले जाता था।

बता दें कि गया जिला के सरबहदा गांव निवासी बाल गोविंद चौधरी ने अपनी बेटी खुशबू कुमारी की शादी एक साल पूर्व अस्थावां थाना क्षेत्र के साजो चौधरी के पुत्र सुरेश चौधरी से की थी। एक महीना पूर्व खुशबू अपने भतीजी की छठियारी में शामिल होने मायके आई थी। युवक टोटो चलाने का काम करता है। मृतका तीन बहन और एक भाई में सबसे बड़ी थी। लड़के और लड़की दोनों की यह दूसरी शादी थी। खुशबू का जहां पूर्व से एक बेटी है तो वहीं सुरेश का पूर्व से तीन बच्चे हैं।

अस्थावां थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया बुधवार की रात सूचना प्राप्त हुई कि एक महिला का शव उसके ससुराल में पड़ा हुआ है। इसके उपरांत पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर स्वजन को सूचना देते हुए सदर अस्पताल भेज दिया गया। मायके वाले गला घोंटकर हत्या का आरोप लगा रहे हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि आवेदन मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल ससुराल का परिवार घर छोड़ फरार है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *