Featuredप्रादेशिक

बिहार में बढ़ती आपराधिक घटनाओं के बीच युवती से सामूहिक दुष्कर्म।

बिहार के बेगूसराय जिले में बढ़ती आपराधिक घटनाओं के बीच गुरुवार की रात बखरी थाना क्षेत्र के परिहारा ओपी अंतर्गत एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है।

लगभग 18 वर्षीय युवती खगड़िया जिले के बेलदौर थाना की रहने वाली है। घटना के आरोपी भी खगड़िया जिले के ही एक लाइनर समेत पांच लोग हैं। पुलिस ने लाइनर समेत तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

जानकारी के मुताबिक, युवती अपने एक रिश्तेदार के यहां परिहारा आई थी। रात में रास्ता भटक जाने के कारण वह आरोपियों के चंगुल में फंस गई। जबकि परिहारा पुलिस के मुताबिक युवती खगड़िया के ही एक युवक के साथ परिहारा आई थी।

उसी युवक ने लाइनर का काम किया और परिहारा के चार अन्य युवकों के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया है। पांचों युवक गांव से बाहर एक डेरा पर युवती को ले गए और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।

घटना के बाद पीड़िता किसी तरह आरोपियों के चंगुल से छूटकर वहां से भाग निकली। बखरी खगड़िया मुख्य पथ पर पुलिस की रात्रि गश्ती दल को युवती बदहवास हालत में मिली थी।

इस दौरान पीड़िता ने अपने साथ हुए कुकृत्य की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लाइनर समेत तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है।

पुलिस ने घटनास्थल से बिस्तर सहित अन्य साक्ष्यों को भी एकत्रित किया है। इधर, एसडीपीओ चंदन कुमार ने बताया कि हिरासत में लिए गए आरोपितों से गहन पूछताछ की जा रही है।

साथ ही बाकी बचे आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है। उन्होंने बताया कि पीड़िता के घर वालों एवं बेलदौर थाने पुलिस से संपर्क कर इस संबंध में अतिरिक्त जानकारी ली जा रही है।

इसके बाद कार्रवाई की जाएगी। बहरहाल, सामूहिक दुष्कर्म की इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। लोग क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं और गिरती विधि-व्यवस्था को लेकर चिंतित हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *