दरभंगा एवं लहेरियासराय रैक प्वाइंट पर ही उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित होगी : डॉ.गोपाल जी ठाकुर
खेत बचाओ अभियान एवं पंचायत कृषि पाठशाला के व्यापक प्रचार-प्रसार पर दिया गया जोर
जिला उर्वरक निगरानी समिति की बैठक समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ.भीमराव अंबेडकर सभागार में जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक में स्थानीय माननीय सांसद डॉ.गोपाल जी ठाकुर, बेनीपुर के माननीय विधायक प्रो.विनय कुमार चौधरी, माननीय विधान पार्षद श्री हरि सहनी, जिला कृषि पदाधिकारी, उर्वरक कंपनियों के प्रतिनिधि एवं जिला स्तरीय उर्वरक थोक विक्रेता उपस्थित थे।
बैठक में जिले में उर्वरकों की उपलब्धता,वितरण व्यवस्था, किसानों को समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा कालाबाजारी रोकने सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने जिलाधिकारी द्वारा सभी थोक विक्रेता को खुदरा विक्रेताओं को समानुपात में उर्वरक उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
बैठक में संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया गया कि किसान के बीच किसान चौपाल के माध्यम से प्रचार प्रचार करना सुनिश्चित करेंगे।
बैठक में बताया गया की 19 जून को बेनीपुर प्रखंड एवं जाले प्रखंड में खेत बचाओ अभियान आयोजित किया जाएगा।
जिलाधिकारी द्वारा इस अभियान में अधिक से अधिक किसान की सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित अधिकारी को दिया।
बैठक में निर्देश दिया गया कि कितने पैक्स में डीएपी दिया जा रहा है, उसकी सूची अभिलंब उपलब्ध करावे। इसके साथ ही थोक विक्रेता दुकानदारों का भी सूची तैयार कर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
माननीय सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने निर्देश दिया कि जिले के सभी प्रखंडों में यूरिया, डीएपी, एनपीके एवं पोटाश की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों को कृषि कार्य के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।
उन्होंने विशेष रूप से बाढ़ संभावित क्षेत्रों यथा : किरतपुर, बिरौल, कुशेश्वरस्थान, घनश्यामपुर, गौड़ाबौराम एवं हनुमाननगर में मानसून पूर्व उर्वरकों का अग्रिम भंडारण सुनिश्चित करने के लिए विशेष उर्वरक आपूर्ति योजना तैयार करने का सुझाव दिया।
उन्होंने कहा कि पूर्व तैयारी और प्रभावी प्रबंधन से बाढ़ के दौरान भी किसानों को उर्वरकों की उपलब्धता में कोई बाधा नहीं आएगी तथा कृषि कार्य प्रभावित नहीं होगा।
बैठक में माननीय सांसद ने उर्वरकों की कालाबाजारी तथा निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूलने वाले दुकानदारों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
उन्होंने नियमित छापेमारी अभियान चलाने, प्रत्येक सप्ताह उर्वरक उपलब्धता की समीक्षा करने तथा सभी प्रखंडों की स्टॉक रिपोर्ट सार्वजनिक करने की आवश्यकता पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि किसानों को किसी भी प्रकार की अनियमितता का सामना न करना पड़े,इसके लिए प्रशासन को सतर्क एवं सक्रिय रहना होगा।
माननीय सांसद महोदय ने किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला स्तर पर समर्पित हेल्पलाइन एवं व्हाट्सएप नंबर जारी करने का सुझाव दिया।
उन्होंने निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों का 48 घंटे के भीतर निवारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसानों को तत्काल राहत मिल सके।
बैठक में माननीय सांसद ने नैनो यूरिया एवं नैनो डीएपी के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक प्रखंड में किसान प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक एवं वैज्ञानिक उर्वरक तकनीकों को अपनाकर किसान उत्पादन लागत कम कर सकते हैं तथा बेहतर उपज प्राप्त कर सकते हैं।
माननीय विधायक बेनीपुर ने कहा कि किसान को उर्वरक को लेकर कोई परेशानी न उठाना पड़े संबंधित पदाधिकारी सुनिश्चित करेंगे।
उन्होंने फसल क्षति का जांच कर कर मुआवजा देने हेतु कहा। किसानों के बीच किसान चौपाल के माध्यम से कृषि विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के संबंध में जागरूकता करने का निर्देश दिया।
उन्होंने मृदा स्वास्थ्य कार्ड आधारित खेती को बढ़ावा देने, संतुलित उर्वरक उपयोग सुनिश्चित करने तथा अंधाधुंध यूरिया प्रयोग पर नियंत्रण के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने का भी निर्देश दिया।
माननीय सांसद डॉ.ठाकुर ने दरभंगा के मखाना उत्पादक किसानों के लिए विशेष पोषक तत्व एवं उर्वरक पैकेज उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि मखाना जिले की पहचान है और इसके उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए विशेष योजनाएं बनाई जानी चाहिए।
इसके साथ ही आम, लीची एवं सब्जी उत्पादक किसानों के लिए विशेष उर्वरक किट उपलब्ध कराने तथा बागवानी आधारित कृषि को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर बल दिया गया।
बैठक में माननीय सांसद ने दरभंगा में केंद्रीय उर्वरक भंडारण केंद्र की स्थापना के लिए आवश्यक पहल करने तथा किसानों को वैज्ञानिक खेती के लिए आधुनिक मिट्टी जांच प्रयोगशाला स्थापित करने हेतु प्रस्ताव तैयार कर संबंधित विभाग को भेजने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि आधुनिक कृषि अवसंरचना के विकास से किसानों को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा तथा कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी।
माननीय सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने स्पष्ट निर्देश दिया कि दरभंगा जिले के लिए आवंटित उर्वरकों की उपलब्धता हर हाल में दरभंगा एवं लहेरियासराय रैक प्वाइंट पर सुनिश्चित की जाए, ताकि जिले के किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक प्राप्त हो सके।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार ने सभी संबंधित अधिकारियों को सांसद द्वारा दिए गए निर्देशों एवं सुझावों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा जिले में उर्वरक वितरण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने का निर्देश दिया।




