Featured

दरभंगा के जाले में सर्वेक्षण कर्मियों की बैठक:मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन, अनिश्चितकालीन धरना की चेतावनी।

11 से 14 अगस्त तक काली पट्टी बांधकर करेंगे काम।

बिहार में विशेष सर्वेक्षण संविदा कर्मी एवं अभियंता संघ ने सरकार को अपनी मांगों को लेकर चेतावनी दी है। संघ ने कहा है कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो वे 16 अगस्त 2025 से राज्यव्यापी अनिश्चितकालीन धरना और सत्याग्रह शुरू करेंगे।

दरभंगा के जाले में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। संगठन का कहना है कि वे पिछले 5 साल से भूमि सर्वेक्षण विभाग में काम कर रहे हैं। बार-बार मांग करने के बावजूद सरकार ने कोई कार्रवाई नहीं की है।

संघ की प्रमुख मांगों में सभी कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति आयु 60 वर्ष करना शामिल है। इसमें विशेष सर्वेक्षण सहायक, बंदोबस्त पदाधिकारी, सर्वेक्षण कानूनगो, सर्वेक्षण निरीक्षक, जूनियर इंजीनियर, ड्राफ्ट्समैन और उच्च व निम्न श्रेणी लिपिक शामिल हैं। साथ ही स्थायी नियुक्ति में 5 अतिरिक्त अंक देने और समान वेतन व भत्ते की मांग की गई है। कर्मचारियों ने ESIC और EPFO की सुविधाएं भी तत्काल मांगी हैं।

विरोध के तहत सभी कर्मचारी 11 से 14 अगस्त तक काली पट्टी बांधकर काम करेंगे। समधिनियाँ पंचायत सरकार भवन में हुई बैठक में संघ के अध्यक्ष गोपाल कुमार, किशोर कुणाल, घनश्याम कुमार, कुँवर जीत राजा, अरमान खान और मो. मोअज़्ज़म समेत कई पदाधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *