अंतर प्रमंडल क्रिकेट में दरभंगा ने पटना को 61 रनों से हराया।
आरा बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, खेल विभाग एवं जिला प्रशासन द्वारा, वीर कुंवर सिंह स्टेडियम में चल रहें राज्य स्तरीय विद्यालय अंतर प्रमंडल क्रिकेट (अंडर-17) प्रतियोगिता के तीसरे मुकाबले में, दरभंगा ने पटना को 61 रन से पराजित कर अगले राउंड में प्रवेश किया। मैच का उद्घाटन जिला खेल पदाधिकारी आलोक कुमार गौतम ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दरभंगा ने निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट पर 168 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। सलामी बल्लेबाज साहिल गौतम (19 गेंद पर 20 रन) और सास्वत वत्स (25 गेंदों पर 33 रन, 2 छक्के, 4 चौके) ने टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। तीसरे नंबर पर उतरे माफिज ने 6 चौकों की मदद से 42 रन की अहम पारी खेली, जबकि अंकित राज ने तीन छक्कों के सहारे तेजतर्रार 31 रन जोड़े। पटना की ओर से राघव और विनीत ने दो-दो विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पटना की टीम दरभंगा की गेंदबाजी के आगे 107 रन पर सिमट गई। पटना के लिए कृष ने 35 रन और प्रियांशु ने 24 रन बनाए, जबकि कोई अन्य बल्लेबाज दहाई तक नहीं पहुंच सका। दरभंगा के अनुराग ने शानदार गेंदबाजी करते हुए सर्वाधिक 5 विकेट चटकाए, जबकि हर्षिर नजाम ने 3 विकेट लिए। बेहतरीन प्रदर्शन के लिए अनुराग को अंपायरों द्वारा सम्मानित किया गया।
मैच संचालन में ऑन-फील्ड अंपायर राजीव कमल मिश्रा एवं तैयब हुसैन, थर्ड अंपायर सुभीत कुमार सिंह, फोर्थ अंपायर सनी वर्मा, मैच रेफरी वेद प्रकाश, मैच ऑब्जर्वर रवि कुमार व संजय मुरार तथा स्कोरर रतनेश नंदन और कुंदन कुमार शामिल थे। मैच के दौरान भोजपुर जिला क्रिकेट संघ के पूर्व अध्यक्ष मनोज पांडेय, क्रिकेट अकादमी भोजपुर के सचिव कुमार विजय, धन्नजय कुमार व अन्य लोग उपस्थित रहे।
