Featured

शराबबंदी वाले बिहार में 1 करोड़ की शराब बरामद, यहां से लाई जा रही थी खेप, दो तस्कर गिरफ्तार।

1 करोड़ की शराब बरामद 

एसडीपीओ अवधेश प्रसाद ने प्रेस वार्ता में बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा शराब के विरुद्ध लगातार छापेमारी का निर्देश प्राप्त हुआ है। इसी निर्देश के अनुपालन में गुप्त सूचना के आधार पर दनियावां की ओर से आ रहे इस 10 चक्का ट्रक को पकड़ा गया। ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें लकड़ी के सड़े हुए डस्ट में छुपाए गए 849 कार्टन शराब को जब्त किया गया।

हरियाणा से पटना आ रहा था शराब

पकड़े गए दोनों अभियुक्तों की पहचान हरियाणा के यमुना नगर जिले के नदौर थाना के सिल्ली कला गांव निवासी बाबू राम के पुत्र विनोद कुमार और चंडीगढ़ जिले के नवगांव थाना क्षेत्र के खुट हाली सेर गांव निवासी राजू का पुत्र गौरव के रूप में हुई है। एसडीपीओ ने बताया कि ये दोनों अभियुक्त ट्रक के चालक और खलासी हैं। पूछताछ में उन्होंने बताया कि उन्हें चंडीगढ़ में ट्रक दिया गया था और झारखंड पहुंचने को कहा गया था। झारखंड पहुंचने के बाद उन्हें पटना के ट्रांसपोर्ट नगर में यह माल डिलीवर करने का निर्देश मिला था। इसी क्रम में जब वे दनियावां पहुंचे तो पुलिस के हत्थे चढ़ गए।

आगे की कार्रवाई में जुटी पुलिस

पुलिस ने शराब के साथ-साथ ट्रक (रजि. नं. HP72B3786), दो स्मार्टफोन, एक फास्टटैग और एक जीपीएस भी जब्त किया है। इसके अतिरिक्त, 5900 रुपये नकद भी बरामद हुए हैं। एसडीपीओ ने बताया कि इस सफल अभियान में थानाध्यक्ष रूपक कुमार अंबुज के साथ SI शुभम कुमार,अर्चना कुमारी सिंह और ASI नीतीश कुमार गौतम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *