वर्ष 2025 बैच के 10 भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के प्रशिक्षु अधिकारी अपने ‘विंटर स्टडी टूर’ (शीतकालीन अध्ययन प्रशिक्षण) के तहत तीन दिवसीय दौरे पर दरभंगा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जिले की प्रशासनिक कार्यप्रणाली, प्रमुख विकास परियोजनाओं और मिथिला की सांस्कृतिक धरोहरों का गहन अध्ययन किये।
प्रशिक्षु अधिकारियों का दल 12 फरवरी 2026 को दरभंगा पहुंचा। आगमन के तुरंत बाद, उन्होंने दरभंगा के जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक के साथ एक संक्षिप्त बैठक की, जिसमें उन्हें जिले की कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक ढांचे आदि की जानकारी दी गई।
क्षेत्रीय भ्रमण और परियोजना निरीक्षण (13 फरवरी):
13 फरवरी 2026 को अधिकारियों ने दरभंगा एयर फोर्स स्टेशन, संचालित हवाई अड्डे और नवनिर्मित एयरपोर्ट एन्क्लेव का दौरा किया। इसके पश्चात, उन्होंने महत्वपूर्ण ‘आमस-दरभंगा परियोजना’ स्थल का निरीक्षण किया और निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। शाम को, मिथिलांचल की समृद्ध परंपरा, कला और संस्कृति से रूबरू होने के लिए वे मधुबनी स्थित ‘मिथिला हाट’ गए।
संस्थागत भ्रमण और प्रशिक्षण (14 फरवरी):
14 फरवरी 2026 को अपने भ्रमण के अंतिम दिन, प्रशिक्षु अधिकारियों ने वन स्टॉप सेंटर (One Stop Centre), ऐतिहासिक चंद्रधारी संग्रहालय, नरगोना पैलेस, तारामंडल और ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय (LNMU) का दौरा किया।
आज दोपहर बाद दरभंगा नगर निगम में एक विस्तृत प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया, जहाँ अधिकारियों ने शहरी निकाय के कामकाज और चुनौतियों को समझा।
समन्वय और प्रस्थान:
पूरे कार्यक्रम के दौरान, सहायक निदेशक (दिव्यांगजन सशक्तिकरण), दरभंगा, श्री आशीष अमन ने नोडल अधिकारी के रूप में कार्य किया और प्रशिक्षुओं व प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया। उनके सहयोग के लिए जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, श्री चंदन उपस्थित रहे।




