Featured

स्वच्छ एवं स्वस्थ निर्वाचक सूची निर्माण के लिए 20, 21, 27 एवं 28 जून को विशेष अभियान दिवस का आयोजन

स्वच्छ एवं स्वस्थ निर्वाचक सूची निर्माण के लिए 20, 21, 27 एवं 28 जून को विशेष अभियान दिवस का आयोजन

 छूटे हुए अर्हता प्राप्त महिला एवं 18-19 आयुवर्ग के मतदाताओं का जोड़ा जाएगा नाम, सभी बीएलओ अपने-अपने मतदान केन्द्रों पर रहेंगे उपस्थित

 

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा स्वच्छ एवं स्वस्थ निर्वाचक सूची का निर्माण सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। आयोग के अनुसार निर्वाचक सूची में लिंगानुपात में सुधार तथा 18-19 वर्ष आयुवर्ग के पात्र मतदाताओं की अधिकाधिक भागीदारी, स्वस्थ एवं त्रुटिरहित निर्वाचक सूची के महत्वपूर्ण मानक हैं।

इसी उद्देश्य से जिले में अर्हता प्राप्त महिला मतदाताओं एवं 18-19 वर्ष आयुवर्ग के ऐसे युवाओं, जिनका नाम अभी तक निर्वाचक सूची में शामिल नहीं हो सका है, का नाम जोड़ने के लिए 20 जून (शनिवार), 21 जून (रविवार), 27 जून (शनिवार) एवं 28 जून (रविवार), 2026 को सभी मतदान केन्द्रों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जाएगा।

विशेष अभियान के दौरान प्रत्येक बीएलओ (BLO) अपने-अपने मतदान केन्द्र पर सभी आवश्यक प्रपत्रों के साथ उपस्थित रहेंगे तथा पात्र महिला मतदाताओं एवं 18-19 वर्ष आयुवर्ग के छूटे हुए मतदाताओं से प्रपत्र-6 प्राप्त कर उनका नाम निर्वाचक सूची में शामिल कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।

अभियान की प्रभावी निगरानी के लिए सभी  बीएलओ सुपरवाइजर अपने आवंटित मतदान केन्द्रों का भ्रमण करेंगे तथा यह सुनिश्चित करेंगे कि सभी बीएलओ निर्धारित समय पर उपस्थित रहकर मतदाता पंजीकरण का कार्य करें। साथ ही विशेष अभियान दिवस पर की गई कार्रवाई का प्रतिवेदन अपराह्न में इस उद्देश्य से बनाए गए व्हाट्सएप ग्रुप में अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएंगे। बीएलओ अथवा बीएलओ सुपरवाइजर द्वारा किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा।

सभी  सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) विशेष अभियान के दौरान अपने आवंटित मतदान केन्द्रों पर बीएलओ द्वारा प्रपत्र-6 प्राप्त करने की कार्रवाई का स्वयं अनुश्रवण करेंगे तथा कम-से-कम 20 प्रतिशत मतदान केन्द्रों का स्थल निरीक्षण करेंगे। साथ ही संबंधित प्रतिवेदन जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे।

इसी प्रकार सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) अपने-अपने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के मतदान केन्द्रों का औचक निरीक्षण कर बीएलओ द्वारा किए जा रहे कार्यों का अनुश्रवण करेंगे तथा अभियान के सफल संचालन को सुनिश्चित करेंगे।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह- जिला पदाधिकारी श्री कौशल कुमार ने जिले के सभी पात्र महिला मतदाताओं एवं 18-19 वर्ष आयुवर्ग के युवाओं से अपील की है कि वे निर्धारित विशेष अभियान दिवस पर अपने निकटतम मतदान केन्द्र पर पहुंचकर अपना नाम निर्वाचक सूची में अवश्य दर्ज कराएं तथा लोकतंत्र को सशक्त बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *