Featured

जीविका दीदियों की आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में निरंतर बढ़ते कदम


केवटी में विकास जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड की वार्षिक आमसभा आयोजित
जीविका के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज केवटी प्रखंड स्थित विकास जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड की वार्षिक आमसभा का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारम्भ जिला परियोजना प्रबंधक,जीविका दरभंगा श्रीमती ऋचा गार्गी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, केवटी श्रीमती कृष्णा कुमारी, प्रखंड परियोजना प्रबंधक श्री समीउल हसन तथा समिति की अध्यक्ष अनीता देवी,सचिव जूली देवी एवं कोषाध्यक्ष सोनी देवी ने संयुक्त रूप दीप प्रज्जवलन कर किया।

इस अवसर पर जिला परियोजना प्रबंधक श्रीमती ऋचा गार्गी ने जीविका दीदियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीविका के माध्यम से महिलाएं केवल बचत और ऋण की गतिविधियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे आर्थिक आत्मनिर्भरता, निर्णय लेने की क्षमता और सामाजिक नेतृत्व की दिशा में भी लगातार आगे बढ़ रही हैं।

उन्होंने कहा कि जीविका से जुड़ने के बाद अनेक दीदियों ने छोटे-छोटे आजीविका कार्यों को शुरू कर उन्हें धीरे-धीरे बेहतर और विस्तारित किया है। आज ये महिलाएं अपने परिवार की आय बढ़ाने के साथ-साथ बच्चों की शिक्षा, परिवार की आवश्यकताओं और बेहतर जीवन-यापन में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
उन्होंने समिति की दीदियों से नियमित रूप से समूह एवं समिति की बैठकों में भाग लेने, अपने अनुभव साझा करने तथा एक-दूसरे की सफलता से सीख लेकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन
प्रखंड विकास पदाधिकारी श्रीमती कृष्णा कुमारी ने जीविका दीदियों को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाओं की आर्थिक स्थिति में सुधार लाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग दिया जाएगा।
उन्होंने दीदियों से अपने आजीविका कार्यों को आगे बढ़ाने, सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने तथा उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की अपील की।
उन्होंने जीविका दीदियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
वार्षिक आमसभा में उपलब्धियों एवं आगामी कार्ययोजना पर चर्चा वार्षिक आमसभा के दौरान समिति की पिछली अवधि की गतिविधियों, उपलब्धियों एवं प्रगति पर चर्चा की गई। साथ ही समिति को और अधिक सुदृढ़ बनाने, सदस्यों की भागीदारी बढ़ाने तथा दीदियों की आजीविका गतिविधियों को अधिक प्रभावी एवं टिकाऊ बनाने को लेकर आगामी कार्ययोजना पर भी विचार-विमर्श किया गया।

इस अवसर पर जीविका दीदियों ने अपने अनुभव साझा किए और बताया कि समूह एवं जीविका से जुड़ने के बाद उनके भीतर आत्मविश्वास में वृद्धि हुई है। बचत की आदत, समूह से सहयोग,आजीविका गतिविधियों का विस्तार तथा विभिन्न अवसरों से जुड़ाव ने उन्हें परिवार की आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने में सक्षम बनाया है।
कार्यक्रम में विषयगत प्रबंधकों शान्तनु ठाकुर, राहुल कुमार बिल्टू, ब्रजेश कुमार ने अपने विचार साझा किये और उपस्थित जीविका दीदियों का मनोबल बढाया, बीपीएम समीउल हसन ने दीदियों को संगठित होकर आगे बढ़ने, नियमित रूप से समूह की गतिविधियों में भाग लेने तथा अपनी आजीविका को और बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में जितेंद्र महतो, विवेक कुमार, शशिरंजन सहित संकुल संघ के कैडर, समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में जीविका दीदियां उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का समापन समिति की गतिविधियों को और प्रभावी बनाने तथा अधिक से अधिक जीविका दीदियों को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *