Featured

बेगूसराय : ट्यूशन पढ़ाने के दौरान आपस में हुआ प्यार, बेगूसराय में दो लड़कियों की शादी पर मचा हंगामा

ट्यूशन पढ़ाने के दौरान आपस में हुआ प्यार, बेगूसराय में दो लड़कियों की शादी पर मचा हंगामा

बिहार के बेगूसराय जिले से प्रेमी जोड़े का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। बेगूसराय जिले के चोरियाबरियापुर थाना और खोदाबंदपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली दो लड़कियों ने आपस में ही शादी रचा ली। खोदाबंदपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली प्रज्ञा सुमन और चेरियाबरियारपुर थाना क्षेत्र के खाजहांपुर गांव की लक्ष्मी कुमारी ने दिल्ली के एक मंदिर में शादी करने का दावा किया है। दोनों का कहना है कि 10 दिसंबर को घर से भागने के बाद उन्होंने नई दिल्ली के उत्तम नगर के एक मंदिर में विवाह किया। इस शादी में प्रज्ञा सुमन दूल्हा बनी हैं जबकि लक्ष्मी कुमारी खुद को दुल्हन मानती हैं।

 

 

मिली जानकारी के मुताबिक प्रज्ञा सुमन ट्यूशन पढ़ाने के लिए लक्ष्मी की बहन के घर जाया करती थी। इस दौरान दोनों के बीच दोस्ती बढ़ी जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। लक्ष्मी बीए पार्ट वन की छात्रा हैं वहीं प्रज्ञा बीए पार्ट थर्ड की छात्रा हैं। दोनों के परिवारवालों को उनकी दोस्ती पसंद नहीं थी और उन्होंने दोनों को मिलने से रोकने की कोशिश की। इसके बावजूद दोनों का रिश्ता गहरा होता गया और उन्होंने घर से भागकार शादी करने का फैसला ले लिया।

 

लक्ष्मी कुमारी ने बताया कि उनकी और प्रज्ञा की दोस्ती करीब आठ से नौ महीने पहले शुरू हुई थी। वह बताती हैं कि परिवार के लोग उनकी दोस्ती से नाखुश थे और उनकी मां ने उन्हें जान से मारने की धमकी तक दी। इससे तंग आकर दोनों ने दिल्ली जाकर शादी करने का फैसला किया। दिलचस्प बात यह है कि प्रज्ञा सुमन ने लड़के की वेशभूषा अपनाई है, और उसकी आवाज भी लड़कों जैसी है। दोनों ने अब एक-दूसरे के साथ जीवन बिताने का निर्णय लिया है। इस घटना ने समाज में एक नई बहस छेड़ दी है और कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *