Featured

फार्मर रजिस्ट्रेशन में पेंडिंग आईडी के त्वरित निराकरण को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक

25 हजार फार्मर रजिस्ट्रेशन में नाम एवं अन्य त्रुटियों को शीघ्र सुधारने का निर्देश 18 हजार मामलों का त्रुटि निराकरण पूर्णप्रेक्षागृह, दरभंगा में जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में फार्मर रजिस्ट्रेशन में दर्ज नाम एवं अन्य प्रकार की त्रुटियों के त्वरित निराकरण को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिले के सभी प्रखंड कृषि पदाधिकारी, राजस्व अधिकारी, संबंधित अंचल स्तरीय पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

बैठक में फार्मर रजिस्ट्रेशन से संबंधित लगभग 25 हजार मामलों में नाम एवं अन्य प्रकार की त्रुटियों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों के फार्मर रजिस्ट्रेशन में दर्ज त्रुटियों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्रता से सत्यापन एवं निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र किसानों को कृषि विभाग एवं सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।जिलाधिकारी ने कहा कि फार्मर रजिस्ट्रेशन किसानों के हित में अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसमें किसी भी प्रकार की त्रुटि के कारण किसान सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहें, इसके लिए कृषि एवं राजस्व विभाग के पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने लंबित मामलों की लगातार समीक्षा करते हुए निर्धारित समय-सीमा में सभी पेंडिंग किसान निबंधन कार्ड का निराकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने बताया कि आज शाम तक लगभग 18 हजार फार्मर रजिस्ट्रेशन में पाई गई त्रुटियों का निराकरण पूर्ण कर लिया गया है। शेष लंबित मामलों को भी शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया।उन्होंने सभी प्रखंड कृषि पदाधिकारियों एवं राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों से संबंधित मामलों के निराकरण में किसी प्रकार की शिथिलता नहीं बरती जाए तथा आवश्यकतानुसार किसानों से समन्वय स्थापित कर अभिलेखों एवं विवरणों का सत्यापन करते हुए त्रुटियों को दुरुस्त किया जाए।

बैठक में अपर समाहर्ता राजस्व श्री मनोज कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी डॉ. सिद्धार्थ, डीसीएलआर सदर श्री संजीत कुमार सहित सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *