Featured

06 से 08 अक्टूबर तक सभी प्रखंडों में आयोजित होगा ‘सेवा सेतु शिविर


सेवा संकल्प अभियान—सरकार आपके द्वार’ के तहत पात्र लाभार्थियों तक पहुँचाया जाएगा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ, प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का 26 अक्टूबर तक होगा निष्पादन


जिला पदाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार द्वारा आदेश जारी कर बताया गया कि ‘सेवा संकल्प अभियान सरकार आपके द्वार’ के अंतर्गत जिले के सभी प्रखंडों में 06, 07 एवं 08 अक्टूबर 2026 को ‘सेवा सेतु शिविर’ का आयोजन किया जाएगा।
शिविर के माध्यम से भारत सरकार एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुँचाने के साथ-साथ आमजनों की समस्याओं, लंबित लाभ एवं शिकायतों के संबंध में आवेदन प्राप्त कर उनका समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा।

जिला पदाधिकारी ने शिविर के सफल एवं प्रभावी आयोजन के लिए व्यापक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। प्रत्येक प्रखंड में आयोजित होने वाले सेवा सेतु शिविर के लिए वरीय उप समाहर्ता स्तर के पदाधिकारी को प्रभारी/नोडल पदाधिकारी नामित किया गया है।
वहीं, उप विकास आयुक्त, दरभंगा को जिला स्तर पर नोडल पदाधिकारी नामित किया गया है।
उन्होंने निर्देश दिया है कि प्रखंडों के वरीय प्रभारी पदाधिकारी/नामित पदाधिकारी तथा जिला स्तरीय पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में शिविर की तैयारियों की नियमित समीक्षा एवं अनुश्रवण करेंगे तथा आवश्यकतानुसार दिनांक 06 से 08 अक्टूबर तक आयोजित शिविरों का निरीक्षण कर कार्यक्रम का सफल संचालन सुनिश्चित करेंगे।
सेवा सेतु शिविर का प्रमुख उद्देश्य विभिन्न सरकारी योजनाओं लाभार्थियों को लाभ पहुँचाना तथा आमजनों की समस्याओं एवं लंबित मामलों का समाधान करना है। इसके लिए योजनाओं के संभावित लाभार्थियों तथा उनके लंबित लाभ/शिकायतों से संबंधित आवेदन प्राप्त किए जा रहे हैं।
प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का विधानसभावार एवं प्रखंडवार डाटाबैंक तैयार किया जाएगा।
सभी पंचायत सरकार भवनों तथा नगर निकायों के वार्डों में आवेदन एवं शिकायतों का संग्रहण किया जाएगा तथा आवेदकों को आवेदन प्राप्ति की पावती उपलब्ध कराई जाएगी।
सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं कार्यपालक पदाधिकारी को इस संबंध में आवश्यक व्यवस्था ससमय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

शिविर में केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं के विभिन्न विभागों की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। संबंधित विभागों के प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी अपने विभाग की योजनाओं के संबंध में आम नागरिकों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएंगे तथा योजनाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त कर पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करेंगे।
जिला पदाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं कार्यपालक पदाधिकारियों को शिविर स्थल पर आमजनों के बैठने, पेयजल एवं अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
शिविर में सभी पंचायत प्रतिनिधियों, जीविका दीदियों, गैर-सरकारी संगठनों तथा केंद्र एवं राज्य सरकार के जिला स्तर पर उपलब्ध प्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए संबंधित पदाधिकारियों को सभी संबंधितों को ससमय सूचित करने का निर्देश दिया गया है।
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि सेवा सेतु शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों एवं शिकायतों का दिनांक 26 अक्टूबर 2026 तक अनिवार्य रूप से निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। शिविर के दौरान लंबित मामलों का भी अनिवार्य रूप से संकलन किया जाएगा।
दिनांक 06 से 08 अक्टूबर 2026 तक शिविर के प्रत्येक दिन प्राप्त आवेदनों, शिकायतों एवं लंबित मामलों से संबंधित डाटा/प्रतिवेदन को संख्या सहित सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए गूगल शीट पर अद्यतन किया जाएगा।
सेवा सेतु शिविर के आयोजन के लिए सरकार द्वारा ‘सेवा संकल्प अभियान पोर्टल’ विकसित किया गया है। सभी संबंधित विभागों के जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों को अपने-अपने विभाग से संबंधित योजनाओं, लाभार्थियों एवं अन्य आवश्यक सूचनाओं को पोर्टल पर अद्यतन करने का निर्देश दिया गया है।
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को आयोजित होने वाला नियमित सहयोग शिविर पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यथावत आयोजित होता रहेगा।
‘सेवा संकल्प अभियान—सरकार आपके द्वार’ के तहत प्रत्येक प्रखंड में 06, 07 एवं 08 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाले सेवा सेतु शिविरों के सफल संचालन एवं विधि-व्यवस्था संधारण हेतु प्रशासनिक पदाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को अपने निर्धारित दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करते हुए शिविर के सफल आयोजन में सहयोग करने का निर्देश दिया गया है।

जिला पदाधिकारी ने सभी जिला स्तरीय पदाधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं कार्यपालक पदाधिकारियों को निर्देशित किया है कि शिविर से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियाँ पूर्व से पूर्ण कराते हुए 06, 07 एवं 08 अक्टूबर 2026 को सभी प्रखंडों में सेवा सेतु शिविर का प्रभावी आयोजन सुनिश्चित करें तथा प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन कराना सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *