Featured

अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर जिले में स्वास्थ्य एवं सम्मान के साथ आयोजित हुए विविध कार्यक्रम


वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर, डिजिटल जागरूकता एवं विधिक अधिकारों की जानकारी दी गई
विद्यालयों में अंतर-पीढ़ीगत जुड़ाव को बढ़ावा देने हेतु विभिन्न नवाचारी गतिविधियां आयोजित

मुख्यमंत्री भिक्षावृत्ति योजना के तहत 10 लाभुकों को ₹10,000 प्रति व्यक्ति की सहायता राशि का चेक प्रदान
जिला पदाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार के निर्देशानुसार जिले में आज ‘अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस’ (International Day of Older Persons) को गरिमा एवं उत्साह के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों की गरिमा, सक्रिय एवं स्वस्थ वृद्धावस्था, विधिक अधिकारों एवं कल्याण के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा अंतर-पीढ़ीगत संबंधों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिला, प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।

जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम संचालित वृद्धाश्रम एवं बुनियादी केन्द्र, दरभंगा में आयोजित किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर लगाया गया, जिसमें रक्तचाप, ब्लड शुगर, पल्स रेट सहित सामान्य स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था की गई। चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श एवं आवश्यक दवाओं का वितरण भी किया गया।
साथ ही योग, प्राणायाम एवं चेयर-योग के माध्यम से स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम स्थल पर ‘डिजिटल साथी’ कॉर्नर के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को UPI, UMANG तथा डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र सहित विभिन्न डिजिटल सेवाओं के उपयोग की जानकारी दी गई।
वहीं, प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, वृद्धजनों एवं युवाओं की सहभागिता से कार्यक्रम आयोजित किए गए तथा बिहार माता-पिता और वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण तथा कल्याण नियमावली, 2012’के तहत वरिष्ठ नागरिकों के विधिक अधिकारों की जानकारी दी गई।
विद्यालयों में अंतर-पीढ़ीगत जुड़ाव पर विशेष जोर

जिले के विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों में विद्यार्थियों तथा दादा-दादी/नाना-नानी को एक मंच पर लाने के उद्देश्य से कई नवाचारी गतिविधियां आयोजित की गईं। वरिष्ठ नागरिकों ने विद्यार्थियों के साथ अपने जीवन के संघर्षों, अनुभवों एवं पुरानी यादों को साझा किया। पुरानी तस्वीरों के माध्यम से यादों का आदान-प्रदान, प्रेरणादायी वीडियो संस्मरण तैयार करने तथा ‘सीखो और सिखाओ’ गतिविधि के माध्यम से तकनीकी एवं पारंपरिक ज्ञान का आदान-प्रदान किया गया।
युवाओं द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को स्मार्टफोन संचालन, वॉइस टाइपिंग एवं साइबर फ्रॉड से बचाव की जानकारी दी गई, जबकि वृद्धजनों ने विद्यार्थियों को पारंपरिक शिल्प, बुनाई एवं जीवन-मूल्यों से संबंधित अनुभव साझा किए। पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ बच्चों एवं वृद्धजनों द्वारा संयुक्त रूप से पौधारोपण भी किया गया।
वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान की दिलाई गई सामूहिक शपथ
जिले में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में पदाधिकारियोंकर्मियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं युवाओं द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, उचित देखभाल, भरण-पोषण तथा उनके साथ किसी भी प्रकार के दुर्व्यवहार के विरोध के लिए सामूहिक शपथ दिलाई गई। कार्यक्रमों की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी का SAMAVESH पोर्टल पर समयबद्ध दस्तावेजीकरण किया जा रहा है।
10 लाभुकों को ₹10,000 प्रति व्यक्ति की सहायता राशि
इस अवसर पर मुख्यमंत्री भिक्षावृत्ति योजना के तहत 10 लाभुकों को ₹10,000 प्रति व्यक्ति की सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया।
जिला प्रशासन की आमजन से अपील
जिला पदाधिकारी श्री कौशल कुमार ने जिलेवासियों, युवाओं एवं सामाजिक संगठनों से अपील की कि वे अपने परिवार एवं समाज के वृद्धजनों को पर्याप्त समय,सम्मान एवं भावनात्मक संबल प्रदान करें।

उन्होंने कहा कि वृद्धजन समाज की अमूल्य धरोहर हैं तथा उनका अनुभव नई पीढ़ी को जीवन की दिशा एवं मूल्य समझने में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान करता है। वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान एवं गरिमापूर्ण जीवन के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता आवश्यक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *