बिहार में चलती गाड़ी में किशोरी से दुष्कर्म, घुमाने के बहाने दोस्त ने दिया घटना को अंजाम।
आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार: घटना पटना अनुमंडलीय क्षेत्र के भदौर थाना क्षेत्र की बताई जाती है. परिजनों के अनुसार पीड़िता घर पहुंची तो उसने घटना की आपबीती परिवार को बतायी. इसके अगले दिन सोमवार को भदौर थाना में केस दर्ज कराया गया. घटना की सूचना मिलते भदौर थानाध्यक्ष अपने वरीय अधिकारी को घटना की जानकारी दी. त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया.
दोस्त ने दिया घटना को अंजाम: घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार आरोपी युवक और किशोरी के बीच दोस्ती थी. दोनों एक ही गांव के रहने वाले बताए जाते हैं. कुछ दिनों से चोरी छिपे फोन पर बातचीत होती थी. घटना के दिन आरोपी युवक किशोरी को नालंदा घुमाने के बहाने बुलाया. उसके साथ दो घंटे तक चलती गाड़ी में दुष्कर्म किया.
दोनों पक्षों में तनाव: घटना के बाद गांव में दोनों पक्षों के बीच तनाव का माहौल है. स्थिति को देखते हुए गांव में पुलिस कैम्प कर रही है. मामले में बाढ़ एसडीपीओ-2 आयुष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि यह बहुत ही जघन्य घटना है. पुलिस को जानकारी मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सुकेश कुमार को घटना में प्रयुक्त स्कोर्पियो गाड़ी के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.
“पुलिस मामले की जांच कर रही है, आरोपी के खिलाफ स्पीडी ट्रायल के जरिए न्यायालय से जल्द इंसाफ दिलाया जाएगा. FSL की टीम मौके पर पहुंचकर साक्ष्य संकलन कर जांच कर रही है. पीड़िता को मेडिकल के लिए भेजा गया है.”-आयुष कुमार श्रीवास्तव, एसडीपीओ-2, बाढ़
महिला हेल्पलाइन नंबर:बिहार पुलिस महिला की सुरक्षा को लेकर अभियान चला रही है. सोशल मीडिया के माध्यम से भी महिला-पुरुषों को जागरूक किया जा रहा है. महिलाओं के साथ किसी भी अप्रिय घटना की शिकायत डायल 112 पर कर सकते हैं. किसी भी परिस्थिति में या असुरक्षित महसूस करने पर तुरंत मदद के लिए 112 डायल करें.
